नकली मंगलसूत्र को असली बताकर 40 हजार की ठगी, दो शातिर आरोपित गिरफ्तार

जांजगीर-चांपा, 27 जून (हि. स.)। जिले के पामगढ़ थाना क्षेत्र में नकली मंगलसूत्र को असली सोना बताकर ज्वेलरी कारोबारी से 40 हजार रुपये की ठगी करने वाले दो शातिर आरोपितों को पुलिस ने घटना के कुछ ही घंटों के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से ठगी की पूरी राशि 40 हजार रुपये नगद तथा वारदात में प्रयुक्त बलेनो कार (CG 04 QY 6279) जब्त कर लिया है।

पुलिस के अनुसार, 26 जून को चांपा निवासी एवं वर्तमान में पामगढ़ में 'केसर लाल एंड संस' नाम से ज्वेलरी दुकान संचालित करने वाले हिमांशु सोनी ने थाना पामगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि शाम के समय सफेद रंग की बलेनो कार से आए दो व्यक्तियों ने स्वयं को आर्थिक जरूरतमंद बताते हुए सोने का मंगलसूत्र गिरवी रखकर 50 हजार रुपये की मांग की। रसीद मांगने पर एक आरोपित ने खुद को अमित तिवारी बताते हुए नकली बिल दिखाया। मंगलसूत्र को असली सोना समझकर दुकानदार ने 40 हजार रुपये दे दिए।

आरोपितों के जाने के बाद जांच में पता चला कि मंगलसूत्र सोने का नहीं बल्कि बेनटेक्स का था। इसके बाद पीड़ित ने तत्काल पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार कश्यप के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी अकलतरा प्रदीप सोरी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

साइबर सेल की सहायता से आरोपियों का पता लगाकर बलौदा बाजार में दबिश दी गई, जहां से दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया।

गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अमन सोनी (22वर्ष ) निवासी वार्ड क्रमांक 9, बलौदा बाजार तथा अमित सोनी (42वर्ष ) निवासी वैष्णव कॉलोनी, बलौदा बाजार के रूप में हुई है। पूछताछ में दोनों ने ठगी की वारदात स्वीकार कर ली।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत कार्रवाई कर आज न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सावन सारथी, उप निरीक्षक सुरेश जाट, सहायक उप निरीक्षक प्रमोद महार, आरक्षक श्याम ओग्रे, बेदराम पटेल, सैनिक अनिल दिनकर तथा थाना पामगढ़ पुलिस स्टाफ की सराहनीय भूमिका रही।

   

सम्बंधित खबर