एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम ने एनसीसी सीएटीसी कैंप का किया निरीक्षण, कैडेट्स को किया प्रेरित

जौनपुर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी)-318 में मंगलवार को   एनसीसी मुख्यालय, लखनऊ के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम निरीक्षण करने पहुंचेजौनपुर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी के संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी)-318 में मंगलवार को   एनसीसी मुख्यालय, लखनऊ के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम निरीक्षण करने पहुंचे

जौनपुर, 23 जून (हि.स.)। वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय जौनपुर में 98 यूपी बटालियन एनसीसी द्वारा आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर (सीएटीसी)-318 में मंगलवार को उत्तर प्रदेश एनसीसी मुख्यालय, लखनऊ के एडीजी मेजर जनरल गौरव गौतम का आगमन हुआ। उनके पहुंचने पर एनसीसी ग्रुप मुख्यालय वाराणसी के ग्रुप कमांडर विकास पंजियार, कैंप कमांडेंट कर्नल आलोक डी. सिंह तथा एनसीसी अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

मेजर जनरल गौरव गौतम ने शिविर का निरीक्षण कर कैडेट्स को दिए जा रहे प्रशिक्षण कार्यक्रमों की जानकारी ली। उन्होंने ड्रिल, मैप रीडिंग, फील्ड एवं बैटल क्राफ्ट, फायरिंग तथा व्यक्तित्व विकास से संबंधित गतिविधियों का अवलोकन किया। प्रशिक्षण प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रसेवा की भावना एनसीसी की सबसे बड़ी पहचान है।

अपने संबोधन में उन्होंने कैडेट्स को आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और निर्णय लेने की योग्यता विकसित करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कैडेट को किसी न किसी रचनात्मक शौक को अपनाना चाहिए, आत्मरक्षा में दक्षता हासिल करनी चाहिए तथा अपनी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें निखारने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने दूसरी भाषा सीखने, सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने और जीवन में एक आदर्श रोल मॉडल का अनुसरण करने पर भी बल दिया।

उन्होंने कहा कि एनसीसी युवाओं को जिम्मेदार नागरिक बनाने के साथ-साथ उनमें राष्ट्रभक्ति, आत्मविश्वास और सेवा भावना का विकास करती है। उन्होंने कैडेट्स से प्रशिक्षण के प्रत्येक अवसर का लाभ उठाने और राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने का आह्वान किया।

मेजर जनरल गौतम ने शिविर की व्यवस्थाओं एवं प्रशिक्षण की गुणवत्ता पर संतोष व्यक्त करते हुए अधिकारियों और प्रशिक्षकों के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने 98 यूपी बटालियन की प्रशिक्षण टीम को उत्कृष्ट प्रशिक्षण के लिए विशेष रूप से बधाई दी। साथ ही विश्वविद्यालय द्वारा उपलब्ध कराई गई आवासीय एवं प्रशिक्षण सुविधाओं के लिए कुलपति प्रो. वंदना सिंह तथा विश्वविद्यालय प्रशासन का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में एनसीसी अधिकारी, एएनओ तथा बड़ी संख्या में कैडेट्स उपस्थित रहे।

   

सम्बंधित खबर