नायब तहसीलदार के खिलाफ अधिवक्ताओं का प्रदर्शन, स्थानांतरण की उठाई मांग

देवरिया, 19 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में सलेमपुर तहसील में मंगलवार को तहसील बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने नायब तहसीलदार गोपालजी के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए उनके स्थानांतरण की मांग उठाई। अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि नायब तहसीलदार का व्यवहार लंबे समय से अधिवक्ता विरोधी और जनविरोधी रहा है। इस संबंध में बार एसोसिएशन की ओर से उपजिलाधिकारी सलेमपुर के माध्यम से जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा गया।

ज्ञापन में कहा गया कि नायब तहसीलदार गोपालजी कई वर्षों से सलेमपुर तहसील में तैनात हैं और उनके कार्य व्यवहार को लेकर पहले भी कई शिकायतें की जा चुकी हैं। बार-बेंच की बैठकों में भी उनकी कार्यशैली में सुधार की अपेक्षा की गई थी, लेकिन कोई सकारात्मक परिवर्तन नहीं हुआ।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि 4 अप्रैल 2026 को वरिष्ठ अधिवक्ता प्रभुजी पाण्डेय के साथ अमर्यादित भाषा का प्रयोग किया गया, जिससे अधिवक्ता समाज में आक्रोश फैल गया। इसके बाद 20 अप्रैल 2026 को तहसील बार एसोसिएशन की आम सभा में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि नायब तहसीलदार के स्थानांतरण तक उनके न्यायालय का बहिष्कार किया जाएगा और अधिवक्ता न्यायिक कार्य से विरत रहेंगे।

प्रदर्शन के दौरान अधिवक्ताओं ने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए जल्द कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि मांग पूरी नहीं होने तक आंदोलन जारी रहेगा। प्रदर्शन में रामेश्वर प्रसाद मिश्र, सत्य प्रकाश यादव, जावेद आलम, आदर्श कुमार, दिग्विजय पांडेय, देवेंद्र दुबे, प्रमोद तिवारी, बजेश मिश्र, बैजनाथ पांडेय, सुधांश तिवारी और प्रमोद श्रीवास्तव सहित अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे।

--------

   

सम्बंधित खबर