कोलकाता समेत सही निगमों और नगरपालिकाओं में बैठेंगे प्रशासक : अग्निमित्रा पाल
- DSS Admin
- Jun 06, 2026
कोलकाता, 06 जून (हि. स.)।
पश्चिम बंगाल सरकार में मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने नगर निगम और नगरपालिका चुनावों को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि फिलहाल राज्य सरकार किसी भी नगर निगम या नगरपालिका में चुनाव कराने के पक्ष में नहीं है। चुनाव कब होंगे, इसका निर्णय राज्य चुनाव आयोग करेगा। तब तक राज्य सरकार विभिन्न निकायों में प्रशासक नियुक्त कर प्रशासनिक कामकाज चलाएगी।
उन्होंने कहा कि सरकार ने अभी किसी भी नगरपालिका या निगम में चुनाव कराने के बारे में नहीं सोचा है। उन्होंने कहा कि चुनाव तभी होंगे जब चुनाव आयोग इसकी घोषणा करेगा। फिलहाल सरकार कोलकाता नगर निगम, बिधाननगर सहित सभी नगर निकायों में प्रशासक नियुक्त करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
उन्होंने कहा कि संबंधित नगर निगमों और नगरपालिकाओं के कमिश्नर ही प्रशासक की भूमिका निभाएंगे। सरकार जल्द से जल्द इस प्रक्रिया को पूरा करना चाहती है ताकि स्थानीय निकायों का प्रशासनिक कार्य सुचारु रूप से चलता रहे और जनता को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
अग्निमित्रा पाल के इस बयान को राज्य के नगर निकाय चुनावों को लेकर महत्वपूर्ण संकेत माना जा रहा है। लंबे समय से लंबित चुनावों को लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा जारी है।
मंत्री के बयान से यह साफ हो गया है कि निकट भविष्य में चुनाव की बजाय राज्य सरकार की प्राथमिकता नगर निकायों में प्रशासकों की नियुक्ति कर प्रशासनिक व्यवस्था को बनाए रखना है।
---------------

