जींद: एड्स कंट्रोल कर्मियों की हडताल पांचवें दिन भी जारी

जींद, 5 अगस्त (हि.स.)। नागरिक अस्पताल में हरियाणा राज्य एड्स कंट्रोल सोसायटी पंचकूला (एचएसीएस) के कर्मचारियों की हडताल सोमवार को पांचवें दिन भी जारी रही। एड्स कंट्रोल कर्मियों ने सीएमओ कार्यालय के बाहर धरना दिया और मांगों को लेकर नारेबाजी की।

हडतालरत कर्मचारियों ने सरकार के सौतेले व्यवहार पर रोष जताया और कहा कि सरकार की अनदेखी के चलते ही उन्हें हडताल करने को मजबूर होना पड़ रहा है। जिला प्रधान संदीप श्योकंद ने हडतालरत कर्मियों को संबोधित करते हुए कहा कि एड्स डिपार्मेंट सबसे पहले शुरू हुआ था। एनएचएम डिपार्टमेंट बना कर बना कर उनको उनके सर्विस बायलॉज वगैरह सब बेनिफिट दे दिए गए। सिर्फ एड्स कंट्रोल सोसायटी के कर्मचारियों को छोड़ दिया गया। जबकि ये कर्मचारी इलाज में एक बहुत ही महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। क्योंकि यह गंभीर बीमारी के मरीजों को देखते हैं। किसी भी इलाज के शुरू होने से पहले एड्स या एचआईवी टेस्ट के बिना डॉक्टर भी मरीज को हाथ नहीं लगते हैं। इसलिए यह कर्मचारी हमेशा गंभीर बीमारियों के रिस्क में रहते हैं। बावजूद इसके एड्स कंट्रोल सोसायटी के कर्मचारियों के साथ बहुत ही सौतेला व्यवहार सरकार द्वारा किया जा रहा है। इसलिए इन कर्मचारियों को हड़ताल पर जाना पड़ा है। उन्होंने मांग की कि एनएचएम की तर्ज पर सर्विस बायलॉज दिए जाएं। कर्मचारियों को पड़ोसी राज्य दिल्ली की भांति स्टेट शेयर दिया जाए।

सभी कर्मचारियों को अन्य भत्ते जैसे इपीएफ आदि दिए जाएं। इसके अलावा एड्स कंट्रोल सोसायटी के कर्मचारियों को भी नियमित किया जाए। एड्स कंट्रोल कर्मियों ने पूरी तरह से काम बंद किया हुआ है। जिसके चलते एड्स जांच का कार्य पूरी तरह से बंद है। इसके अलावा एड्स रोगियों को जो दवा वितरित की जाती है, वो भी नही दी जा रही है। जिसके चलते मरीजों की परेशानियां बढ़ गई हैं। वहीं हरियाणा राज्य एड्स कंट्रोल सोसाइटी के तहत आने वाले सभी सेंटर (आईसीटीसी सेंटर), ओएसटी सेंटर, एसटीआई सेंटर, ब्लड बैंक सेंटर, एआरटी को पूर्ण रूप से बंद रखा गया है। जब तक उनकी मांगों को पूरा नही किया जाता है तब तक उनकी हडताल जारी रहेगी।

हिन्दुस्थान समाचार

हिन्दुस्थान समाचार / विजेंद्र मराठा / SANJEEV SHARMA

   

सम्बंधित खबर