दोहरी पाली में काम कराने के विरोध में सफाई कर्मचारियों का प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 25, 2026
पश्चिम बर्दवान, 25 जून (हि. स.)। आसनसोल नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने गुरुवार को बर्नपुर स्थित 7-नंबर बोरो कार्यालय के समक्ष जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि उन्हें नई व्यवस्था के तहत दिन में दो पालियों में काम करने के लिए कहा जा रहा है, जिसका वे विरोध कर रहे हैं।
प्रदर्शन में शामिल सफाई कर्मचारी आकाश वर्मा तथा बबिता बाउरी ने कहा कि वर्तमान में कर्मचारियों की ड्यूटी सुबह छह बजे से दोपहर दो बजे तक रहती है, लेकिन अब शाम के समय भी दूसरी पाली में काम करने के लिए दबाव बनाया जा रहा है। उनका कहना है कि मौजूदा परिस्थितियों में दो पालियों में काम करना उनके लिए संभव नहीं है।
उन्होंने कहा कि यदि कर्मचारियों से दो शिफ्ट में काम लिया जाता है तो उसके अनुसार अलग से अतिरिक्त वेतन या डबल भुगतान किया जाना चाहिए। आकाश वर्मा ने बताया कि वर्तमान में उन्हें प्रतिदिन 357 रुपये मजदूरी मिलती है, जो परिवार चलाने के लिए पर्याप्त नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि कम आय के कारण कई कर्मचारी पहली पाली का काम खत्म होने के बाद दूसरी जगह जाकर अतिरिक्त काम करते हैं ताकि परिवार की जरूरतें पूरी की जा सकें। ऐसे में नगर निगम की ओर से उसी वेतन में दिन में दो बार काम कराने का प्रस्ताव व्यवहारिक नहीं है।
सफाई कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि वे एक ही पाली में काम करेंगे और साथ ही वेतन वृद्धि की मांग भी उठाई। प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने प्रशासन से उनकी समस्याओं पर गंभीरता से विचार करने और जल्द समाधान निकालने की मांग की।---------------

