हाईस्कूल में इम्प्रूवमेन्ट व कम्पार्टमेन्ट, इण्टर में कम्पार्टमेन्ट के लिए आवेदन शुरू

--यूपी बोर्ड की वेबसाइट पर 27 जून की मध्यरात्रि तक आवेदन होगा जमा

--इम्प्रूवमेन्ट के लिए अनुत्तीर्ण हुये एक विषय में दे सकता है परीक्षा

--कम्पार्टमेन्ट के लिए दो विषयों में से केवल एक में दें सकेंगे परीक्षा

प्रयागराज, 04 जून (हि.स)। यूपी बोर्ड वर्ष 2026 की हाईस्कूल परीक्षा में इम्प्रूवमेन्ट व कम्पार्टमेन्ट और इण्टरमीडिएट में कम्पार्टमेन्ट परीक्षा के लिए आवेदन शुरू हो गया है। अर्ह परीक्षार्थियों का ऑनलाइन आवेदन 8 से 27 जून तक लिया जाएगा। यूपी बोर्ड की वेबसाइट upmsp.edu.in पर 27 जून की मध्यरात्रि 12 बजे तक आवेदन होगा।

हाईस्कूल परीक्षा में इम्प्रूवमेन्ट व कम्पार्टमेन्ट के सम्बन्ध में दिशा निर्देश जारी किए गए हैं। इम्प्रूवमेन्ट परीक्षा के लिए परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुये एक विषय में परीक्षा दे सकता है, जबकि कम्पार्टमेन्ट परीक्षा के तहत परीक्षार्थी अपने अनुत्तीर्ण हुये दो विषयों में से केवल किसी एक विषय में ही परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं, इसके लिए परीक्षा शुल्क 256.50 रुपए निर्धारित किया गया है।

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह ने गुरूवार को बताया कि इसी प्रकार इण्टर मीडिएट कम्पार्टमेन्ट परीक्षा के सम्बन्ध में भी दिशा निर्देश जारी किए गये हैं। उन्होंने बताया कि इण्टरमीडिएट कम्पार्टमेन्ट परीक्षा में मानविकी, वैज्ञानिक एवं वाणिज्य वर्ग से सम्मिलित परीक्षार्थी किसी एक विषय में कृषि भाग-1 एवं भाग-2 में निर्धारित विषयों में से किसी एक प्रश्नपत्र में परीक्षा दे सकता है। व्यवसायिक वर्ग के ट्रेड विषय के किसी एक प्रश्नपत्र में अनुत्तीर्ण परीक्षार्थी कम्पार्टमेन्ट परीक्षा में सम्मिलित होने के लिए अर्ह माने जायेंगे। इसके लिए परीक्षा शुल्क 306 रुपए निर्धारित किया गया है।

उन्होंने बताया कि परीक्षार्थी निर्धारित परीक्षा शुल्क को कोषागार में चालान के माध्यम से जमा करना होगा। माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश के मानक मद में जाकर शुल्क के चालान की मूल प्रति व साथ हाईस्कूल इम्प्रूवमेन्ट व कम्पार्टमेन्ट एवं इण्टरमीडिएट कम्पार्टमेन्ट परीक्षा के ऑनलाइन भरे गये आवेदन की प्रति को डाउनलोड करके निर्धारित अंतिम तिथि तक जमा करना होगा।

सचिव ने बताया कि 27 जून के बाद तीन दिन के अन्दर यूपी बोर्ड के सम्बन्धित क्षेत्रीय कार्यालय को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भेजना अनिवार्य होगा। कोषागार में चालान के माध्यम से शुल्क जमा करने के लिए निर्धारित मानक मद, 0202 शिक्षा, खेल, कला और संस्कृति 01 सामान्य शिक्षा, 102 माध्यमिक शिक्षा, 02 बोर्ड की परीक्षाओं का शुल्क, 09 कम्पार्टमेन्ट-इम्प्रूवमेन्ट परीक्षा एवं प्राप्तांक शुल्क होगा।

सचिव ने बताया कि हाईस्कूल परीक्षा में इम्प्रूवमेन्ट व कम्पार्टमेन्ट परीक्षा के लिखित और प्रयोगात्मक व प्रोजेक्ट (आन्तरिक मूल्यॉकन) और इण्टरमीडिएट की कम्पार्टमेन्ट परीक्षा के लिखित एवं प्रयोगात्मक दोनों भागों में अनुत्तीर्ण रहे परीक्षार्थियों को दोनो भागों की परीक्षा में सम्मिलित होना होगा। किसी विषय के दोनों में से किसी एक भाग में अनुत्तीर्ण और दूसरे भाग में उत्तीर्ण परीक्षार्थी केवल अनुत्तीर्ण भाग में या यदि चाहें तो अनुत्तीर्ण तथा उत्तीर्ण दोनो भागों की परीक्षा में सम्मिलित हो सकते हैं। इनकी लिखित एवं प्रयोगात्मक परीक्षाओं की परीक्षा तिथियों की सूचना यूपी बोर्ड से विज्ञापित करायी जायेगी।

---------------

   

सम्बंधित खबर