बहराइच,13 मई (हि.स.)। इंडो-नेपाल अंतरराष्ट्रीय बॉर्डर पर रुपईडीहा क्षेत्र में सशस्त्र सीमा बल और रुपईडीहा पुलिस ने बुधवार काे एक नेपाली नागरिक को करोड़ों रुपये की अवैध चरस के साथ गिरफ्तार किया है।
थानाध्यक्ष रमेश रावत ने बताया कि एक सूचना पर रुपईडीहा के माल गोदाम रोड की तरफ जाते समय नेपाल राज्य के बांके जिला निवासी जाबिर हलवाई को राजू किराना वाले की दुकान के पास से पकड़ा है। तलाशी के दरम्यान उसके थैले में साढ़े 4 किलो से अधिक चरस बरामद हुई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में करोड़ो की कीमत है।
थानाध्यक्ष रमेश रावत ने बताया कि जाबिर हलवाई के विरुद्ध मादक पदार्थ तस्करी अधिनियम के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर जेल भेज दिया गया है। यह पता लगाया जा रहा है कि वह मादक पदार्थ किसे देने के लिए लाया था।---------------------

