आसनसोल में 80 अन्नपूर्णा भंडार के लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरित

पश्चिम बर्दवान, 03 जून (हि. स.)। महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के उद्देश्य से राज्य सरकार द्वारा शुरू की गई अन्नपूर्णा भंडार योजना का बुधवार को औपचारिक शुभारंभ किया गया। पश्चिम बर्दवान जिला प्रशासन की ओर से कल्याणपुर हाउसिंग स्थित जिला कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में योजना के 80 लाभुकों को स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए।

मिली जानकारी के अनुसार, आसनसोल नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत आसनसोल उत्तर, आसनसोल दक्षिण और कुल्टी विधानसभा क्षेत्रों के कुल 80 लाभुकों को कार्यक्रम में स्वीकृति पत्र प्रदान किए गए, जबकि दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र के लाभुकों को दुर्गापुर में आयोजित कार्यक्रम में स्वीकृति पत्र दिए गए।

इस अवसर पर आसनसोल उत्तर के विधायक कृष्णेंदु मुखर्जी ने कहा कि महिलाओं को आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने का संकल्प राज्य सरकार ने अपने चुनावी घोषणा पत्र में लिया था और आज उसी संकल्प को धरातल पर उतारा जा रहा है।

उन्होंने कहा कि योजना के तहत पात्र महिलाओं को सहायता राशि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के माध्यम से सीधे उनके बैंक खातों में भेजी जाएगी।

उन्होंने बताया कि गत एक जून से सरकारी बसों में महिलाओं के लिए निःशुल्क बस सेवा की शुरुआत की गई थी और अन्नपूर्णा भंडार योजना महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में दूसरा महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में उपस्थित जिलाधिकारी एस. पोन्नमबलम ने बताया कि आसनसोल नगर निगम और दुर्गापुर नगर निगम क्षेत्र में इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जा रहा है। 25 से 60 वर्ष आयु वर्ग की पात्र महिलाओं के आवेदन की जांच के बाद उन्हें स्वीकृति पत्र प्रदान किए जा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि अन्नपूर्णा भंडार योजना के आवेदन पत्र सभी नगर निगम कार्यालयों, बीडीओ कार्यालयों तथा ऑनलाइन माध्यम से उपलब्ध हैं। जिला प्रशासन के अधिकारी जमीनी स्तर पर जाकर आवेदनों की जांच कर रहे हैं ताकि अधिक से अधिक पात्र महिलाओं तक योजना का लाभ पहुंचाया जा सके।

कोलकाता स्थित राज्य सचिवालय से मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी द्वारा योजना का शुभारंभ किए जाने के बाद आसनसोल और दुर्गापुर में भी लाभुकों को स्वीकृति पत्र वितरित किए गए।

---------------

   

सम्बंधित खबर