बलात्कार का केस दर्ज नहीं करने के नाम पर एएसआई रिश्वत लेते गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 17, 2026
जयपुर, 17 मई (हि.स.)। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने उदयपुर में कार्रवाई करते हुए प्रतापनगर थाने में तैनात एएसआई सुनील विश्नोई को एक लाख रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपित पुलिसकर्मी पर छेड़छाड़ और बलात्कार का मामला दर्ज नहीं करने तथा राजीनामा करवाने के नाम पर रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी महानिदेशक गोविन्द गुप्ता ने बताया कि उदयपुर यूनिट को 9 मई 2026 को परिवादी की ओर से शिकायत मिली थी कि एक युवती से हुई सामान्य कहासुनी के बाद प्रतापनगर थाने के एएसआई सुनील विश्नोई, कांस्टेबल शंकरलाल एवं कांस्टेबल बनवारीलाल ने उसे थाने बुलाया और युवती द्वारा छेड़छाड़ व बलात्कार का मामला दर्ज कराने की धमकी दी। परिवादी के अनुसार पुलिसकर्मियों ने मामला दर्ज नहीं करने और दोनों पक्षों में समझौता करवाने के बदले 3 लाख रुपए की मांग की थी। बाद में सौदा 1.30 लाख रुपए में तय हुआ। एसीबी जांच में सामने आया कि सत्यापन के दौरान आरोपी एएसआई 25 हजार रुपए पहले ही ले चुका था तथा शेष एक लाख रुपए की मांग कर रहा था।
एसीबी के उप महानिरीक्षक डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में टीम ने रविवार को न्यू भूपालपुरा स्थित ऑर्बिट रिसोर्ट की पार्किंग में ट्रैप कार्रवाई की। परिवादी द्वारा जैसे ही एएसआई सुनील विश्नोई को एक लाख रुपए दिए गए, एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी आरोपी एएसआई से पूछताछ कर रही है तथा उसके आवास पर भी सर्च कार्रवाई जारी है।
---------------

