शहीद कुशल कोंवर को श्रद्धा के साथ कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने किया याद
- DSS Admin
- Jun 15, 2026
गुवाहाटी, 15 जून (हि.स.)। वर्ष 1942 में स्वतंत्रता संग्राम के शहीद कुशल कोंवर की पुण्य स्मृति दिवस के अवसर पर साेमवार काे कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन ने श्रद्धा के साथ याद किया।
इस अवसर पर आज कामरूप (मेट्रो) जिला प्रशासन के आयोजन में गुवाहाटी के नेहरू उद्यान में आयोजित एक श्रद्धांजलि कार्यक्रम में राज्य सरकार के वित्त, वन और पर्यावरण आदि विभागों के मंत्री जयंत मल्लबरुवा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित होकर शहीद कुशल कोंवर की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
भारत माता के योग्य पुत्र शहीद कुशल कोंवर को गहरी श्रद्धा अर्पित करते हुए मंत्री जयंत मल्लबरुवा ने कहा कि आज का यह पवित्र दिन हमें हमारी मातृभूमि के लिए आत्मबलिदान देने की याद दिलाता है। शहीद ने देश सेवा के लिए स्वयं को हंसते-हंसते बलिदान कर दिया। उनके आत्मबलिदान से हमें अद्वितीय देशभक्ति की प्रेरणा मिलती है। आज के स्वतंत्र भारत में आत्मसम्मान के साथ जीने की मूल वजह है स्वतंत्रता संग्रामियों का आत्मबलिदान। स्वतंत्रता संग्रामियों द्वारा किया गया त्याग और आत्मबलिदान हमें एक स्वतंत्र भारत देता है, जहां हम विश्व के अग्रणी राष्ट्रों में अपना स्थान बनाने का सुनहरा अवसर पाते हैं। कुशल कोंवर जैसे स्वतंत्रता संग्रामियों ने जिस प्रकार भारत को सजाना चाहा, उसी प्रकार हमें खुद को आगे बढ़ाने के लिए संकल्पबद्ध होना होगा।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के साथ सामंजस्य बनाते हुए आयोजित सभी धर्मों की प्रार्थना सभा में कस्तूरबा सेवा आश्रम की सेविकाओं ने गीता और उपनिषद का पाठ किया, हाफिज मौलाना मुस्तफा नाज़िम ने कुरान का पाठ किया, दीपेन बोड़ो ने बाइबिल का पाठ किया, भगत सिंह ने सिख धार्मिक ग्रंथ का पाठ किया और क्षेमानंद भिक्षु ने त्रिपिटक का पाठ किया।
इस कार्यक्रम में गुवाहाटी लोकसभा क्षेत्र की सांसद बिजुली कलिता मेधी, गुवाहाटी नगर निगम (जीएमसी) के महापौर मृगेन शरनिया, जिला आयुक्त स्वप्नील पाल, गुवाहाटी महानगर विकास प्राधिकरण के सचिव डॉ. जीवन कृष्ण गोस्वामी, शहीद कुशल कोंवर की पत्नी यमुना कोंवर, भारतीय स्वतंत्रता संग्राम संगठन के महासचिव जीतेंद्र रघुवंशी, 103 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी पुनेश्वर दुवरा और 99 वर्षीय स्वतंत्रता सेनानी भोलनाथ नगरिया और गोलक हजारिक के साथ द्विजेंद्र मोहन शर्मा तथा जिला प्रशासन के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे।
---------------

