अजमेर मंडल के 17 स्टेशनों पर 53 एटीवीएम फैसिलिटेटरों की होगी नियुक्ति
- DSS Admin
- Jul 03, 2026
अजमेर, 03 जुलाई (हि.स.)। उत्तर पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल ने विभिन्न स्टेशनों पर स्थापित ऑटोमैटिक टिकट वेंडिंग मशीन (एटीवीएम) के माध्यम से अनारक्षित टिकट जारी करने के लिए 53 फैसिलिटेटरों की नियुक्ति हेतु सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों और सामान्य नागरिकों से आवेदन आमंत्रित किए हैं। नियुक्तियां मंडल के 17 स्टेशनों पर अनुबंध के आधार पर की जाएंगी।
उत्तर पश्चिम रेलवे, अजमेर मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक मिहिर देव ने बताया कि नियुक्तियां अजमेर जंक्शन (7), उदयपुर (6), भीलवाड़ा (6), आबू रोड (6), पिंडवाड़ा (4), मारवाड़ जंक्शन (3), जवाई बांध (3), मावली (2), रानी (2), डूंगरपुर (2), राणाप्रताप नगर (2), मदार (2), सोमेसर (2), कपासन (2), फतेहनगर (2), फालना (1) और ब्यावर (1) स्टेशन पर की जाएंगी। उन्होंने बताया कि यह नियुक्ति पूरी तरह अनुबंध के आधार पर दो वर्ष के लिए होगी, जिसे आवश्यकता के अनुसार एक वर्ष के लिए बढ़ाया जा सकेगा। रेलवे की ओर से कोई निश्चित मानदेय नहीं दिया जाएगा। फैसिलिटेटरों को एटीवीएम के माध्यम से बेचे गए टिकटों के मूल्य पर नियमानुसार तीन प्रतिशत कमीशन का भुगतान किया जाएगा।
वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने बताया कि चयन प्रक्रिया में पहली प्राथमिकता सेवानिवृत्त रेल कर्मचारियों को, दूसरी उनके नामित जीवनसाथी अथवा वयस्क संतान को तथा तीसरी प्राथमिकता सामान्य नागरिकों को दी जाएगी। यदि किसी स्टेशन के लिए निर्धारित संख्या से अधिक आवेदन प्राप्त होते हैं तो चयन लॉटरी (ड्रॉ ऑफ लॉट्स) के माध्यम से पारदर्शी तरीके से किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सामान्य श्रेणी के चयनित आवेदकों को एनएसजी-1 एवं एनएसजी-2 श्रेणी के स्टेशनों, अर्थात् अजमेर और उदयपुर के लिए 50 हजार रुपये तथा अन्य स्टेशनों के लिए 25 हजार रुपये की रिफंडेबल सुरक्षा राशि एफडीआर के रूप में जमा करानी होगी।
सामान्य श्रेणी के आवेदकों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष निर्धारित की गई है। आवेदक उसी जिले का निवासी होना चाहिए, जहां संबंधित रेलवे स्टेशन स्थित है। न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता 10वीं या समकक्ष निर्धारित की गई है तथा हिंदी और अंग्रेजी भाषा का ज्ञान आवश्यक होगा। आवेदन के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड और पुलिस सत्यापन प्रमाण पत्र संलग्न करना अनिवार्य है।
रेलवे प्रशासन के अनुसार आवेदन पत्र और विस्तृत दिशा-निर्देश रेलवे की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध हैं। इच्छुक अभ्यर्थी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन कर सकते हैं।
---------------

