दुकान में वेल्डिंग कर रहे मजदूर की करंट की चपेट में आकर मौत
- DSS Admin
- Jul 06, 2026
औरैया, 06 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद के थाना सहार क्षेत्र के ग्राम पुर्वा दानशाह में निर्माण कार्य के दौरान करंट लगने से एक मजदूर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद गांव में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम मच गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, राधे बाथम (32) अपने बड़े भाई घनश्याम बाथम के साथ गांव पुर्वा दानशाह स्थित पंकज तिवारी की दुकान पर निर्माण कार्य करने गए थे। बताया जा रहा है कि दुकान में वेल्डिंग और अन्य निर्माण कार्य चल रहा था। इसी दौरान अचानक करंट की चपेट में आने से राधे गंभीर रूप से झुलस गए।
मृतक के भाई घनश्याम बाथम ने आरोप लगाया कि बिजली के केबल में करंट आने की आशंका के चलते उन्होंने पहले ही प्लग निकाल दिया था, लेकिन मकान मालिक ने कथित रूप से दोबारा बिजली की तार प्लग में लगा दी। इसी दौरान काम कर रहे भाई राधे करंट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
मृतक के भाई घनश्याम का यह भी आरोप है कि घटना के बाद मकान मालिक ने अपने कुछ लोगों को मौके पर बुलाया और पुलिस के सामने मामले को प्रभावित करने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही थाना सहार प्रभारी रमेश सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र के बाद
शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी रमेश सिंह का कहना है कि परिजनों को पोस्टमार्टम हाउस पहुंचने की सूचना दे दी गई है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट एवं प्राप्त तहरीर के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------

