फतेहाबाद :सोशल मीडिया पर हथियार लहराने वाला काबू

श्मशान भूमि पर कब्जे के लिए फैलाई दहशतफतेहाबाद, 2 मार्च (हि.स.)। सोशल मीडिया पर हथियार का प्रदर्शन कर दहशत का माहौल बनाने और शमशान भूमि के कुछ हिस्से पर अवैध कब्जा करने के मामले में कार्रवाई करते हुए थाना सदर फतेहाबाद पुलिस ने एक युवक को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पकड़े गए युवक की पहचान नरेश कुमार उर्फ लीला पुत्र फतेह सिंह निवासी हिंदवान, जिला हिसार के रूप में हुई है। रविवार को थाना सदर फतेहाबाद प्रभारी ने बताया कि इस बारे पुलिस ने 8 जुलाई 2024 को शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया था। पुलिस को गांव धारनियां के सुशील कुमार ने शिकायत दी थी कि विक्रम सिंह पुत्र अमर सिंह निवासी धारनियां ने अपने सोशल मीडिया फेसबुक अकाउंट पर खुद की हथियारों के साथ फोटो लगाई हुई है। उसने बिना लाइसेंस के हथियार का प्रदर्शन खुलेआम बदमाशी की नीयत से किया है और गुण्डागर्दी का माहौल पैदा कर समाज को गलत संदेश दे रहा है। वह सरपंच के साथ रहकर बड़ा गोलमाल कर रहा है और भ्रष्टाचार में लिप्त है। सरपंच भी इन गुण्डातत्वों को शह देता है और साथ रखकर बड़ी वारदात करवाना चाहता है। सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले युवक ने गुण्डागर्दी के चलते शमशान भूमि की कुछ जमीन पर भी कब्जा कर रखा है। जब उसे इस बारे पता चला तो उसने सोशल मीडिया का स्टेटस हटाकर सबूत मिटाने का भी प्रयास किया है। इस मामले में पुलिस ने केस दर्ज किया और इस मामले में शामिल एक आरोपी नरेश को गिरफ्तार कर लिया है।

हिन्दुस्थान समाचार / अर्जुन जग्गा

   

सम्बंधित खबर