अभिनेता राजेश शर्मा अस्पताल में भर्ती, चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार
- DSS Admin
- Jul 08, 2026
मुंबई, 08 जुलाई (हि.स.)। फिल्म 'तनु वेड्स मनु' और वेब सीरीज पाताल लोक में नजर आ चुके अभिनेता राजेश शर्मा की तबीयत अचानक खराब होने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। रिपोर्ट्स के अनुसार, रामोजी फिल्म सिटी में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान किसी कीड़े के काटने से उन्हें गंभीर संक्रमण हो गया। अभिनेत्री सुदीपा चटर्जी ने बताया कि अभिनेता तेज बुखार, संक्रमण और सांस लेने में तकलीफ से जूझ रहे हैं।
जानकारी के अनुसार शुरुआत में अभिनेता ने कीड़े के काटने की घटना को गंभीरता से नहीं लिया, लेकिन कोलकाता के लिए रवाना होते समय उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ गई। संक्रमण उनके दाहिने पैर की उंगलियों से घुटने तक फैल गया, जिससे प्रभावित हिस्से में बड़े छाले भी पड़ गए। चिकित्सकों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है और उनकी स्थिति पर करीबी नजर रखी जा रही है।
डॉक्टरों ने आशंका जताई है कि संक्रमण के कारण रक्त का थक्का बनने जैसी जटिलताएं उत्पन्न हो सकती हैं, जो फेफड़ों तक पहुंचने पर गंभीर खतरा पैदा कर सकती हैं। फिलहाल अभिनेता का इलाज जारी है और अस्पताल प्रशासन की ओर से विस्तृत चिकित्सकीय रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। सुदीपा चटर्जी ने अभिनेता के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करने वाले प्रशंसकों और शुभचिंतकों का आभार व्यक्त किया है। साथ ही उन्होंने प्रोसेनजीत चटर्जी का भी धन्यवाद किया, जो इस कठिन समय में परिवार के साथ खड़े हैं।
---------------

