परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती हाे : 21 जून को आयोजित होगी नीट (यूजी) 2026 परीक्षा
- DSS Admin
- Jun 17, 2026
बीकानेर, 17 जून (हि.स.)। राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए), नई दिल्ली द्वारा आयोजित नीट (यूजी) 2026 परीक्षा का आयोजन 21 जून 2026 (रविवार) को दोपहर 2 बजे से सायं 5:15 बजे तक जिले के निर्धारित परीक्षा केन्द्रों पर किया जाएगा। परीक्षा के सफल, निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन के लिए अब तक की गई तैयारियों की समीक्षा बुधवार को जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट निशान्त जैन ने की।
जिला कलक्टर ने कहा कि परीक्षा केन्द्रों पर सुरक्षा एवं कानून व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, गोपनीय परीक्षा सामग्री के सुरक्षित वितरण एवं संग्रहण सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित की जाएं। परीक्षा केन्द्रों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा अभ्यर्थियों की संख्या के अनुसार सुरक्षा कर्मियों की नियुक्ति की जाएगी।
जिला कलेक्टर ने कहा कि परीक्षा से जुड़े अधिकारी-कर्मचारी, राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन सुनिश्चित करें तथा उन्हें सौंपे गए दायित्वों का निर्वहन अतिरिक्त गम्भीरता और जिम्मेदारी के साथ करें। उन्होंने कहा कि शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी तरीके से परीक्षा का आयोजन हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी प्रकार की कमी नहीं रहे।
बैठक में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलनीचामी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) बीएल मीणा सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।
---------------

