बुंदेलखंड में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी : जलशक्ति मंत्री

कहा, योग्य व्यक्ति को कुर्सी न मिलना राष्ट्र और जनता का नुकसान

झांसी, 30 सितंबर (हि.स.)। बुंदेलखंड और आस पास के इलाकों में सिंचाई के लिए पानी पर्याप्त हो गया है। कार्यदाई संस्था इसी वर्ष कार्य पूरा कर ग्राम प्रधानों को सौंप देगी। जिससे ग्राम प्रधान सुबह शाम किसानों को सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराएंगे। साथ ही 2030 में 24 घंटे पानी मिलेगा। यह बात झांसी आए उत्तर प्रदेश सरकार के जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह ने पत्रकारों से रूबरू होते हुए कही। वही उन्होंने कांग्रेस और सपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि परिवार वाद, व्यक्ति वाद, पुत्रवाद को दृष्टिगत रखते हुए योग्य व्यक्ति को कुर्सी न मिलना राष्ट्र और जनता का नुकसान होता है।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड सहित सोनभद्र, मिर्जापुर आदि जिलों में पानी की पहले समस्या थी। किसानों को सिंचाई करने में काफी समस्याओं का सामना करना पड़ता था। लेकिन अब बुंदेलखंड के महोबा, हमीरपुर, झांसी, सहित मिर्जापुर, सोनभद्र में अब सिंचाई के लिए पानी की समस्या नहीं है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड सहित सोनभद्र, मिर्जापुर के तालाब, बंधा, डैम, आदि पहले खाली रहते थे, जल का संकट रहता था। लेकिन अब भर चुके हैं। बुंदेलखंड में अब गर्मियों में सिंचाई के लिए पानी की समस्या नहीं होगी। यहां के बंधे, डैम, तालाब भर चुके हैं। साथ ही उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के अंतर्गत बुंदेलखंड में कार्यदाई संस्थाओं ने कार्य पूरा कर लिया है। 2024 में कार्यदाई संस्था जल्द से जल्द जल जीवन मिशन अंतर्गत कार्य पूरा कर ग्राम प्रधानों को सौंप देंगे। जिससे बुंदेलखंड में सिंचाई के लिए सुबह शाम पानी उपलब्ध रहेगा। उन्होंने कहा कि 2030 के बाद बुंदेलखंड सहित अन्य जिलों में भी जल जीवन मिशन के अंतर्गत चोबीस घंटे नहर डैम, बंधे भरे रहेंगे। पानी की बिलकुल भी समस्या नहीं होगी।

उन्होंने कांग्रेस और सपा को आड़े हाथ लेते हुए कहा कि परिवार वाद, व्यक्ति वाद, पुत्रवाद को दृष्टिगत रखते हुए योग्य व्यक्ति को कुर्सी न मिलना राष्ट्र और जनता का नुकसान होता है। जब जब यह लोग ताकत में आए इन्होंने देश का व सनातन धर्म का अपमान किया। अटल बिहारी और उनके बाद मोदी की सरकार में विकास ग्रामीण क्षेत्रों फैल रहा है। गंदगी दूर-दूर तक नहीं है। स्वच्छता अभियान के चलते आज लोग स्वास्थ्य और स्वच्छ हैं। उन्होंने मोदी और प्रदेश की योगी सरकार की उपलब्धियां और योजनाएं परियोजनाएं गिनाते हुए कहा कि यह दोनों सरकारें देश हित व किसान हित में कार्य कर रही है। गरीबों को रोजगार और आवास, किसानों को सम्मान निधि, हर घर जल हर घर नल आदि योजनाएं परियोजाओ से लोगों को लाभान्वित किया जा रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / महेश पटैरिया

   

सम्बंधित खबर