गर्मी से पहले प्रशासन अलर्ट-लोगों की समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश
- DSS Admin
- May 12, 2026
कठुआ/बसोहली, 12 मई (हि.स.)। आगामी गर्मी के मौसम को देखते हुए एडीसी कार्यालय बसोहली में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई जिसकी अध्यक्षता एडीसी बसोहली पंकज भगोत्रा ने की। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया और क्षेत्र में आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
एडीसी ने सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि गर्मी के मौसम में आम लोगों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए उनकी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाए। बिजली विभाग के जेई को निर्देशित किया गया कि बिजली आपूर्ति को सुचारु बनाए रखने के लिए पहले से ही सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली जाएं ताकि गर्मी में किसी प्रकार की बाधा न आए। वहीं जल शक्ति विभाग के कार्यकारी अभियंता ने जानकारी दी कि जिन क्षेत्रों में पेयजल की कमी है वहां टैंकरों के माध्यम से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित की जाएगी।
इसी प्रकार कृषि विभाग के एसडीएओ ने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष में करीब 250 किसानों को जागरूकता भ्रमण पर भेजा गया था और वर्तमान में खरीफ फसलों के बीज सभी बीज भंडारों पर उपलब्ध हैं। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता ने बताया कि भूंड और महानपुर ब्लॉकों में छह छोटी नहरों के लिए लगभग 95 लाख रुपये की राशि स्वीकृत हुई है जिन पर जल्द कार्य शुरू किया जाएगा। टीएसओ ने बताया कि क्षेत्र में रसोई गैस और राशन की कोई कमी नहीं है तथा सभी डिपो पर राशन उपलब्ध है।
पीएमजीएसवाई के एईई ने जानकारी दी कि क्षेत्र में सड़कों के स्थायी सुधार कार्य 40 से 80 प्रतिशत तक पूरे हो चुके हैं। 11 सड़कों के लिए टेंडर जारी कर दिए गए हैं और जल्द ही कार्य शुरू होगा। एडीसी ने बसोहली-भटट मशका और बसोहली-धर महानपुर सड़कों की मरम्मत पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। भेड़ पालन विभाग के कर्मचारी ने बताया कि क्षेत्र में पशुओं का टीकाकरण कार्य जारी है। एडीसी ने उन्हें निर्देश दिए कि टीकाकरण की प्रगति की विस्तृत रिपोर्ट कल तक प्रस्तुत की जाए। बैठक के अंत में एडीसी ने सभी अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
---------------

