जनता की दहलीज पर प्रशासन, समस्याओं के त्वरित समाधान का भरोसा
- DSS Admin
- May 13, 2026

कठुआ, 13 मई । आम लोगों की समस्याओं का जमीनी स्तर पर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने बुधवार को ब्लॉक नगरी के पंचायत घर जराई में सार्वजनिक शिकायत निवारण शिविर आयोजित किया।
शिविर में स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए सड़क संपर्क, पेयजल आपूर्ति, बिजली, स्कूलों के बुनियादी ढांचे, खेल मैदानों की उपलब्धता और उद्योगों में रोजगार से जुड़ी विभिन्न समस्याएं प्रशासन के समक्ष रखीं। इस दौरान डीसी ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ लोगों की समस्याएं ध्यानपूर्वक सुनीं। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया जबकि शेष मामलों के शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए गए। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त ने पंचायत परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया और हरित आवरण को बनाए रखने में सामूहिक जिम्मेदारी पर जोर दिया।
सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने जिला प्रशासन की पारदर्शी, जवाबदेह और जन-केंद्रित कार्यप्रणाली को दोहराया तथा आश्वासन दिया कि सभी वास्तविक शिकायतों का समयबद्ध समाधान किया जाएगा। उन्होंने विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए पात्र लोगों से इनका लाभ उठाने की अपील की। उपायुक्त ने युवाओं से नशे से दूर रहने और अपनी ऊर्जा को सकारात्मक कार्यों एवं रोजगार के अवसरों में लगाने का आह्वान किया। उन्होंने कौशल विकास, शिक्षा और स्वरोजगार को एक समृद्ध एवं नशा मुक्त समाज की नींव बताया। इसके साथ ही उन्होंने जनगणना-2027 (पहला चरण) में लोगों से सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने बताया कि 17 मई से 31 मई 2026 तक स्व-गणना और 1 जून से 30 जून 2026 तक हाउस लिस्टिंग एवं हाउसिंग जनगणना की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जनगणना कर्मी केवल निर्धारित प्रश्न ही पूछेंगे और किसी प्रकार की ओटीपी, बैंक डिटेल या निजी दस्तावेज नहीं मांगेंगे। इस अवसर पर सीपीओ कठुआ रणजीत ठाकुर, एसीडी कठुआ अखिल सदोत्रा सहित अन्य जिला एवं विभागीय अधिकारी भी उपस्थित रहे।
---------------

