हिसार : चिकित्सा क्षेत्र में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए बेहतरीन अवसर : बिश्नोई
- Vijesh Sharma
- Jul 01, 2026

बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी (बीएमआरआईटी) पाठ्यक्रम
में दाखिला प्रक्रिया जारी
हिसार, 01 जुलाई । गुरु जम्भेश्वर विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय
में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए बैचलर ऑफ मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी
(बीएमआरआईटी) पाठ्यक्रम में दाखिला प्रक्रिया जारी है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य परिषद
(एनसीएएचपी) के नवीनतम दिशानिर्देशों के अंतर्गत संचालित यह कोर्स चिकित्सा क्षेत्र
में करियर बनाने वाले युवाओं के लिए एक बेहतरीन और सुरक्षित अवसर है।
विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. नरसी राम बिश्नोई ने बुधवार काे बताया कि आधुनिक चिकित्सा
पद्धति पूरी तरह से डायग्नोस्टिक्स (बीमारियों की जांच) पर निर्भर है, जिसके कारण इस
कोर्स के बाद रोजगार की 100 प्रतिशत संभावनाएं हैं। इस कोर्स में विद्यार्थियों को
सीटी स्कैन, एमआरआइ, एक्स-रे और अल्ट्रासाउंड जैसी आधुनिक मशीनों का प्रैक्टिकल ज्ञान
मिलता है। यह कोर्स एचसीएएचपी दिशानिर्देशों के अंतर्गत आता है, जिससे विद्यार्थियों
के लिए विदेशों में भी शानदार अवसर उपलब्ध हैं। डिग्री धारकों को खाड़ी देशों, यूके,
यूएसए और कनाडा जैसे देशों में आसानी से अंतर्राष्ट्रीय पंजीकरण तथा आकर्षक पैकेज पर
रोजगार के अवसर उपलब्ध हो जाते हैं।
कुलसचिव डा. विजय कुमार ने बताया कि मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी
के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। विद्यार्थी पर्याप्त अनुभव प्राप्त करने के बाद
स्वयं का एक्स-रे, सीटी स्कैन या डायग्नोस्टिक सेंटर शुरू कर आत्मनिर्भर उद्यमी बन
सकते हैं। भविष्य में विद्यार्थी एमएससी तथा पीएचडी की डिग्री हासिल करके विभिन्न विश्वविद्यालयों
व चिकित्सा महाविद्यालयों में प्रोफेसर या शोधार्थी भी बन सकते हैं।
एलाइड हैल्थ साइंस विभाग के अध्यक्ष प्रो. ओमप्रकाश सांगवान ने बताया कि कोर्स
पूरा करने के बाद विद्यार्थी ’रेडियोलॉजी टेक्नोलॉजिस्ट’, एमआरआई/सीटी स्कैन
स्पेशलिस्ट, अल्ट्रासाउंड असिस्टेंस, कैथ लैब तकनीशियन और मेडिकल इमेजिंग एक्सपर्ट
के रूप में कार्य कर सकते हैं। एम्स व पीजीआई जैसे प्रतिष्ठित सरकारी मेडिकल संस्थानों
के साथ-साथ मेदांता, फोर्टिस, अपोलो और मैक्स जैसे देश के शीर्ष कॉर्पोरेट अस्पतालों
में इन प्रोफेशनल्स की भारी मांग है।
विभाग की प्रभारी डा. अंजु गुप्ता ने बताया कि दाखिलों के लिए ऑनलाइन आवेदन
करने की अंतिम तिथि 10 जुलाई है। इस कोर्स में दाखिले के लिए अभ्यार्थियों का मान्यता
प्राप्त बोर्ड से भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान एवं जीव विज्ञान (पीसीबी) विषयों के
साथ 10$2 (सीनियर सेकेंडरी) परीक्षा उत्तीर्ण होना आवश्यक है। इस कोर्स में 40 सीटें
उपलब्ध हैं।

