सिरसा जिले में 18 हजार किसानों को मिला 78 करोड़ का बीमा क्लेम
- Admin Admin
- Mar 19, 2025

सिरसा, 19 मार्च (हि.स.)। जिला में खरीफ फसल 2024 में खराब हुई फसलों का कृषि विभाग ने किसानों को बीमा क्लेम देना शुरू कर दिया है। जिला में 18 हजार किसानों को 78 करोड़ 19 लाख का बीमा क्लेम दिया जा चुका है। कृषि विभाग के उपनिदेशक सुखदेव सिंह कंबोज ने बुधवार को बताया कि जिला के करीब 82 हजार किसानों ने 2024 में खराब हुई फसलों के बीमा क्लेम की मांग को लेकर आवेदन किया था जिस पर कृषि विभाग ने संज्ञान लेते हुए अब बीमा क्लेम देना शुरू कर दिया है। किसानों के खातों में बीमा क्लेम की राशि आने से किसान खुश हैं।
उपनिदेशक सुखदेव सिंह कंबोज ने बताया कि सिरसा जिला के 15 गांव में खराब हुई फसलों की बीमा कंपनी द्वारा क्यूरी (संदेह) लगाई गई थी क्यूरी को हटाने के लिए जल्द ही कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ मीटिंग की जाएगी और बाकी किसानों को भी बीमा क्लेम जल्द ही दिया जाएगा। आपको बता दे कि वर्ष 2024 में नरमा, कपास, धान, सरसों व बाजरा की खराब हुई फसलों के मुआवजे के लिए सिरसा जिला के 82 हजार किसानों ने आवेदन किया था। फिलहाल कृषि विभाग ने नरमा-कपास की खराब हुई फसल का ही बीमा जारी किया है जबकि बाकी खराब हुई फसलों का बीमा जल्द ही जारी करने का आश्वासन किसानों को दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / Dinesh Kumar