अजमेर में बिगड़ी पेयजल आपूर्ति पर कांग्रेस ने जलदाय विभाग को घेरा, मटके फोड़े
- DSS Admin
- Jun 09, 2026

अजमेर, 9 जून(हि.स.)। अजमेर शहर कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष डॉक्टर राजकुमार जयपाल के नेतृत्व में मंगलवार को शहर कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पेयजल आपूर्ति की बिगड़ी व्यवस्था को लेकर जल भवन पर जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मटके फोड़े। कांग्रेस ने इसे विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी के चुनाव क्षेत्र में भाजपा सरकार की नाकामी बताया।
कांग्रेस के कार्यकर्ता अजमेर क्लब सर्किल स्थित महात्मा ज्योतिबा फुले स्मारक से खाली मटके लेकर जल भवन तक पहुंचे ,इस दौरान अनेक कार्यकर्ताओं ने मजीरे बजाए। राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
अतिरिक्त मुख्य अभियंता कार्यालय जल भवन पर पहुंचने जल भवन का गेट बंद कर दिया गया और पुलिस जाब्ता तैनात कर दिया गया। इससे कांग्रेस के कार्यकर्ताओं में रोष व्याप्त हो गया। पुलिस ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं को जल भवन के भीतर नहीं घुसने दिया दिया।
आक्रोशित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया और मटके फोड़ने शुरू कर दिए। कई मटके जल भवन के अंदर भी फेंक दिए। कार्यकर्ताओं ने अंदर नहीं जाने देने पर पुलिस के खिलाफ भी नारेबाजी की और गेट पर पुलिस से उलझते दिखाई दिए। बाद में जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता रामचंद्र राड मौके पर पहुंचे और कांग्रेस नेताओं ने उनको ज्ञापन देकर अजमेर शहरवासियों की पेयजल आपूर्ति समस्या का जल्द समाधान कर राहत देने की मांग की। जलदाय विभाग के अतिरिक्त मुख्य अभियंता ने कांग्रेस नेताओं को आश्वत किया कि शहर की 48 घंटे में पेयजल समस्या से निपटने के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
कांग्रेस नेताओं ने कहा कि जब से प्रदेश में भाजपा सरकर बनी है अजमेर में पेयजल को लेकर जनता को बड़े बड़े सब्ज बाग दिखाए जा रहे हैं जबकि हालत बिगड़े हुए हैं। बीसलपुर का बांध भरा होने के बावजूद भीषण गर्मी में शहर की पेयजल आपूर्ति व्यवस्था बिगड़ी हुई और शहरवासी पेयजल के लिए परेशान हैं। लोगों को टैंकरों से पानी खरीद कर पीना पड़ रहा है। शहर में तीन से चार दिन के अंतराल में पेयजल सप्लाई हो रही है। पेयजल सप्लाई न तो नियमित है और न ही प्रेशर से की जा रही है। इसके बावजूद जलदाय विभाग और प्रशासन और राज्य सरकार गंभीर नहीं है। ऐसे में जल्द पेयजल व्यवस्था नहीं सुधारी गई तो कांग्रेस फिर सड़कों उतरेगी।
---------------

