सावधान-कठुआ में एटीएम पर कार्ड बदलने वाला गिरोह सक्रिय, कार्ड बदलकर 67 हजार उड़ाए

Alert: Gang swapping cards at ATMs active in Kathua; ₹67,000 stolen after card swap.


कठुआ 07 जुलाई । कठुआ शहर के रेलवे रोड क्षेत्र में एक बार फिर एटीएम कार्ड बदलकर ठगी करने का मामला सामने आया है। ताजा घटना रेलवे रोड़ स्थित पीएनबी के एटीएम से जुड़ी है जहां एक व्यक्ति का एटीएम कार्ड बदल लिया गया और उसके खाते से कुल 67 हजार रुपये निकाल लिए गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार रेलवे रोड निवासी रामपाल सिंह पैसे निकालने के लिए पीएनबी के एटीएम में गए थे। इस दौरान उन्हें मशीन से पैसे निकालने में दिक्कत आ रही थी। तभी वहां मौजूद कुछ अज्ञात युवकों ने उनकी मदद करने का बहाना किया और बड़ी चालाकी से उनका एटीएम कार्ड बदल दिया। इसके बाद ठगों ने अलग-अलग स्थानों से पैसे निकाल लिए। पहले करीब 60 हजार रुपये निकाले गए जबकि बाद में कालीबाड़ी क्षेत्र के एक एटीएम से 7 हजार रुपये और निकाल लिए। जब पैसे निकलने के मैसेज रामपाल सिंह के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर आए तो उनके परिवार के लोग हैरान रह गए।

पीड़ित के बेटे सत्यम ने बताया कि घटना के लगभग डेढ़ घंटे के भीतर ही साइबर सेल में ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई गई साथ ही संबंधित पुलिस चैकी में भी मामला दर्ज करवाया गया है। उन्होंने बैंक से एटीएम की सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की मांग भी की है। गौरतलब है कि इससे पहले भी इसी क्षेत्र में एक दंपति के साथ इसी तरह की ठगी की वारदात हो चुकी है जिसमें उनके खाते से करीब 20 से 22 हजार रुपये निकाले गए थे। स्थानीय लोगों का कहना है कि रेलवे रोड क्षेत्र में बड़ी संख्या में मजदूर लोग रहते हैं जिन्हें इस तरह के गिरोह आसानी से निशाना बना रहे हैं। आशंका जताई जा रही है कि यह एक संगठित गिरोह है जो लगातार ऐसे इलाकों में सक्रिय है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि इस गिरोह के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और एटीएम के आसपास गुप्त सुरक्षा लगाकर इन ठगों को पकड़ा जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।

---------------

   

सम्बंधित खबर