गुजरात से राज्यसभा के लिए भाजपा के चार उम्मीदवारों ने दाखिल किया नामांकन
- DSS Admin
- Jun 08, 2026
गांधीनगर, 08 जून (हि.स.)। गुजरात से राज्यसभा की द्विवार्षिक चुनाव प्रक्रिया के तहत गुजरात की चार रिक्त सीटों के लिए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के चार उम्मीदवारों राजू शुक्ला, मानसिंह परमार, मुकेश राठवा और जितेंद्र कणजारिया ने सोमवार को गुजरात विधानसभा स्थित रिटार्निंग
आफिस में विजय मुहूर्त में अपना नामांकन पत्र दाखिल किया।
गुजरात की 11 राज्यसभा सीटों में से रिक्त हुई 4 सीटों के लिए 18 जून को मतदान होना है। नामांकन दाखिल करने के अंतिम दिन भाजपा द्वारा घोषित सभी चार उम्मीदवारों ने अपना पर्चा भरा। विधानसभा में भाजपा के मजबूत संख्याबल को देखते हुए चारों उम्मीदवारों की जीत लगभग तय मानी जा रही है।
नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा, राज्य के गृह राज्यमंत्री हर्ष संघवी, प्रदेश संगठन महामंत्री रत्नाकर, विधानसभा उपाध्यक्ष पूर्णेश मोदी सहित राज्य सरकार के कई मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
राजनीतिक जानकारों के अनुसार यदि कोई बड़ा उलटफेर नहीं होता है तो चारों सीटों पर भाजपा उम्मीदवारों की जीत निश्चित है। इसके साथ ही गुजरात के राजनीतिक इतिहास में पहली बार ऐसी स्थिति बनेगी जब राज्यसभा में कांग्रेस का एक भी सदस्य नहीं होगा।
---------------

