शांति, समर्पण और संतुष्टि प्रबंधन के प्रमुख सूत्र : निदेशक

प्रयागराज, 20 अगस्त (हि.स.)। इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन ने अपनी 36वीं वार्षिक आम बैठक और वार्षिक दिवस समारोह का आयोजन सिविल लाइन स्थित एक होटल में किया, जिसमें ओ.पी.गोयल को इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन का अध्यक्ष मनोनीत किया गया। मुख्य अतिथि प्रो. बद्री नारायण ने कहा कि जीवन के हर क्षेत्र में प्रबंधन प्रभावी होता है। शांति, समर्पण और संतुष्टि यह प्रबंधन के प्रमुख सूत्र हैं।

मुख्य अतिथि गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान झूंसी के निदेशक प्रोफेसर बद्री नारायण ने सदस्यों को गोविंद बल्लभ पंत सामाजिक विज्ञान संस्थान में चलाए जा रहे पाठ्यक्रमों एवं वहां स्थित म्यूजियम से अवगत कराया। उन्होंने इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन की भूमिका की सराहना भी की।

नवनियुक्त अध्यक्ष ओपी गोयल ने समाज में प्रबंधन की बढ़ती भूमिका पर प्रकाश डाला और नए पदाधिकारियों की घोषणा की, जिसमें अपूर्व आगा सचिव, रत्नेश दीक्षित कोषाध्यक्ष, डॉ. शान्ति चौधरी उपाध्यक्ष और प्रमोद बंसल और कुँवर राजीव सिंह संयुक्त सचिव रहे। उन्होंने बताया कि एसोसिएशन की इस वर्ष की थीम है ‘‘रीथिंक, रीइन्वेंट, रीऑर्गेनाइज।’’

इसके पूर्व समारोह की शुरुआत निवर्तमान अध्यक्ष रवि प्रकाश ने वर्ष 2023-24 की प्रमुख गतिविधियों को प्रस्तुत किया। कोषाध्यक्ष प्रमोद बंसल ने वित्तीय रिपोर्ट प्रस्तुत किया। वार्षिक दिवस समारोह में विभव बाजपेयी, अपूर्व आगा, संजय पाठक, शेखर श्रीवास्तव गीत और आनंद कक्कड़ ने गजलें प्रस्तुत कीं। पूर्व अध्यक्ष विभव बाजपेयी ने एसोसिएशन के अध्यक्ष के रूप में उत्कृष्ट उपलब्धि के लिए रवि प्रकाश को स्मृति चिह्न भेंट किया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. नवनीत सिंह एवं धन्यवाद ज्ञापन उपाध्यक्ष डॉ. शान्ति चौधरी ने किया। कार्यक्रम में इलाहाबाद मैनेजमेंट एसोसिएशन के वरिष्ठ सदस्य प्रोफेसर के के भूटानी, के खरे पूर्व अध्यक्ष रेलवे बोर्ड, डी यू गुप्ता, धीरेंद्र कुमार तिवारी अध्यक्ष शंभू नाथ इंस्टीट्यूट, डॉ. राजीव मंगर, जे के जैन, आनन्द पांडे समेत संस्था के अनेक सदस्य उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / विद्याकांत मिश्र / Siyaram Pandey

   

सम्बंधित खबर