नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत में भ्रष्टाचार के आरोप, पंचायत प्रधान का घेराव कर प्रदर्शन
- DSS Admin
- Jun 24, 2026
सिलीगुड़ी, 24 जून (हि. स.)। दार्जिलिंग जिले के नक्सलबाड़ी ग्राम पंचायत में विकास कार्यों और जनसेवा योजनाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर बुधवार को बड़ा राजनीतिक विवाद खड़ा हो गया। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने पंचायत प्रधान का घेराव कर जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।
बताया गया कि घटना के समय पंचायत प्रधान कार्यालय में मौजूद थे, लेकिन उप-प्रधान की अनुपस्थिति को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं में और ज्यादा नाराजगी देखने को मिली। प्रदर्शनकारियों ने उप-प्रधान के तत्काल इस्तीफे की मांग करते हुए ‘चोर-चोर’ के नारे लगाए और तृणमूल कांग्रेस के बोर्ड पर निशाना साधा।
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पंचायत में पेयजल, सड़क, नाली निर्माण और आवास जैसी कई जनकल्याणकारी योजनाओं में भारी भ्रष्टाचार हुआ है। उनका कहना है कि जनता के टैक्स के पैसे का सही उपयोग नहीं किया गया, जिससे आम लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। साथ ही भाजपा समर्थकों ने नक्सलबाड़ी बाजार में फुटपाथ अतिक्रमण हटाने, सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट परियोजना में जमा कचरे के शीघ्र निस्तारण और पंचायत फंड के उपयोग में पारदर्शिता लाने की मांग उठाई। बस स्टैंड पर कथित वसूली को लेकर भी विरोध जताया गया।
भाजपा नेतृत्व ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

