श्री अमरनाथ यात्रा के मद्देनजर जम्मू के तवी रिवर फ्रंट स्थित यात्रा बेस कैंप में ऑफलाइन पंजीकरण शुरू
- DSS Admin
- Jun 29, 2026
जम्मू, 29 जून (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर केंद्र शासित प्रदेश में श्री अमरनाथ यात्रा 2026 के मद्देनजर जम्मू के तवी रिवर फ्रंट स्थित यात्रा बेस कैंप में श्रद्धालुओं के लिए ऑफलाइन पंजीकरण प्रक्रिया शुरू हो गई है। देशभर से पहुंच रहे श्रद्धालु यहां निर्धारित प्रक्रिया के तहत अपना पंजीकरण करवा रहे हैं।
यात्रियों की सुविधा के लिए पंजीकरण केंद्र पर आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बीच श्रद्धालुओं के दस्तावेजों की जांच, स्वास्थ्य संबंधी औपचारिकताओं और पंजीकरण की प्रक्रिया सुव्यवस्थित ढंग से संचालित की जा रही है।
जिला उपायुक्त राकेश मिन्हास ने बताया कि यात्रा को सुरक्षित एवं सुचारु बनाने के लिए सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और पंजीकरण के बाद ही यात्रा पर रवाना हों।
गौरतलब है कि तवी रिवर फ्रंट स्थित नया यात्रा बेस कैंप इस वर्ष अमरनाथ यात्रियों के लिए प्रमुख सुविधा केंद्र के रूप में विकसित किया गया है जहां पंजीकरण के साथ-साथ ठहरने, भोजन, चिकित्सा एवं अन्य बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जा रही हैं।
---------------

