मुठभेड़ में अंतर-जनपदीय दो गोकश गिरफ्तार

पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार घायल गौकश।

अमेठी, 20 अक्टूबर (हि.स.)। कमरौली थाना की पुलिस ने शनिवार की बीती रात को अंतर-जनपदीय दो गो तस्करों को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। इनके पास से एक तमंचा एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस 315 बोर, गोवध करने के विभिन्न उपकरण और मोटरसाइकिल भी बरामद हुआ है।

थाना प्रभारी ने बताया कि शनिवार की रात 11 बजे मुखबिर से मिली सूचना के बाद दो टीम लेकर पूरे नोती दुबे का पुरवा मजे कठौरा में स्थित निर्माणाधीन डिग्री कॉलेज के पीछे खंडहर के पास पहुंचे।

आवारा पशुओं को पकड़कर गोकशी करने की नीयत से एकत्रित हुए तस्करो को पकड़ने के लिए घेराबंदी की गई। तभी बदमाशों को आहट मिल गई और उन्होंने पुलिस टीम पर फायर कर दिया। पुलिस टीम ने आत्मरक्षार्थ किए गए फायर में एक बदमाश को दाहिने पैर में गोली लगी और वह गिर पड़ा। तभी दूसरा बदमाश मौके से भागने लगा, जिसको पुलिस टीम ने दौड़ा कर पकड़ लिया।

मुसाफिरखाना के सीओ अतुल कुमार सिंह ने बताया कि पकड़े गए दोनों शातिर अभियुक्त अंतर जनपदीय गोतस्कर हैं। जिनका लंबा चौड़ा आपराधिक इतिहास है। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों में पहला अरशद उर्फ सोनू (28) निवासी किला थाना इन्हौना जनपद अमेठी और दूसरा हबीब उर्फ लादेन (34) निवासी दक्खिनगांव, थाना इन्हौना जनपद अमेठी के रहने वाले हैं। इन दोनों के पास से एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस 315 बोर, गोवध करने के विभिन्न उपकरण और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद हुई है। घायल बदमाश अरशद उर्फ सोनू का उपचार सीएचसी जगदीशपुर में चल रहा है। गिरफ्तारी और बरामदगी के संबंध में आवश्यक विधिक कार्यवाही अमल में लाई जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश

   

सम्बंधित खबर