शाह ने अहमदाबाद में सूरीश्वर महाराज की 150वीं जयंती पर स्मारक सिक्के का किया अनावरण
- Admin Admin
- Mar 09, 2025

-बुद्धिवाणी फाउंडेशन के कार्यक्रम में अहमदाबाद की महापौर, स्थानीय विधायकगण और जैन अग्रणी रहे मौजूद
अहमदाबाद, 09 मार्च (हि.स.)। केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने रविवार को अहमदाबाद में योगनिष्ठ जैनाचार्य श्रीमद बुद्धिसागर सूरीश्वर महाराज की 150वीं जयंती के अवसर पर स्मारक सिक्के का अनावरण किया। केंद्रीय गृह मंत्री ने कार्यक्रम में उपस्थित जैनाचार्यों और गुरु भगवंतों का आशीर्वाद प्राप्त कर इस समग्र आयोजन के लिए बुद्धिवाणी फाउंडेशन को बधाई दी।इस अवसर पर मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल की उपस्थिति रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल ने कहा कि आजादी के अमृतकाल में श्रीमद बुद्धिसागर सूरीश्वर महाराज द्वारा दिखाया गया मार्ग विकसित भारत की आधारशिला बनेगा। उन्होंने श्रीमद बुद्धिसागर सूरीश्वर महाराज को कर्मयोगी, ध्यानयोगी और ज्ञानयोगी बताया। मुख्यमंत्री ने कहा कि बुद्धिसागर सूरीश्वर ने समाज सुधार के साथ-साथ सामाजिक जागरूकता का प्रशंसनीय कार्य किया है। उनकी तपस्या और भगवान श्री घंटाकर्ण महावीर के प्रभाव से महुड़ी तीर्थ केवल जैन ही नहीं, बल्कि सभी धर्म के लोगों की आस्था का केन्द्र बन गया है।
मुख्यमंत्री ने बुद्धिसागर सूरीश्वर महाराज को स्वप्नदृष्टा संत बताते हुए उनके साहित्य सृजन और समाजोपयोगी कार्यों की सराहना की। उन्होंने वर्ष 2025 को राष्ट्र गौरव वर्ष बताते हुए कहा कि इस पूरे वर्ष के दौरान हम सरदार साहब की 150वीं जयंती, भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की 100वीं जयंती के साथ ही संविधान का अमृत उत्सव भी मना रहे हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने इस बात पर खुशी व्यक्त की कि इस वर्ष आचार्य भगवंत श्रीमद बुद्धिसागर सूरीश्वर महाराज की 150वीं जयंती भी मनाई जा रही है, जो एक सुखद सुयोग है।
स्मारक सिक्के के अनावरण अवसर पर कई जैनाचार्य, अहमदाबाद शहर की महापौर प्रतिभा जैन, विधायक अमितभाई शाह, कौशिकभाई जैन, पूर्व गृह राज्य मंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा सहित ट्रस्टी, पदाधिकारी और बड़ी संख्या में जैन समुदाय के लोग उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / बिनोद पाण्डेय