संसद में एसआईआर पर अमित शाह के तथ्यों से कांग्रेस बेनकाब : प्रकाश पाल

कानपुर, 16 दिसंबर (हि.स.)। गृह मंत्री अमित शाह ने संसद में एसआईआर पर कांग्रेस को धुरंधर नेता के रूप में तथ्यों के साथ जवाब दिया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि देश के भीतर घुसे घुसपैठियों को मतदाता सूची से बाहर करना राष्ट्रहित में है। उनके इस जोरदार भाषण से घबराकर कांग्रेस के सदस्य सदन छोड़कर भाग खड़े हुए, जो यह दर्शाता है कि कांग्रेस के पास इस गंभीर मुद्दे पर कोई ठोस जवाब नहीं है। यह बातें मंगलवार को भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्रीय अध्यक्ष प्रकाश पाल ने कही।

भारतीय जनता पार्टी ने हाल ही में संसद में एसआईआर (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन) को लेकर हुई बहस के दौरान देश के गृह मंत्री अमित शाह द्वारा कांग्रेस को दिए गए करारे जवाब को जन-जन तक पहुंचाने का निर्णय लिया है। भाजपा का मानना है कि संसद में जिस प्रकार अमित शाह ने घुसपैठियों को मतदाता सूची से बाहर रखने के मुद्दे पर कांग्रेस की नीतियों की पोल खोली, वह देश की सुरक्षा और लोकतंत्र के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण विषय है।

इस संबंध में आज भाजपा कानपुर-बुंदेलखंड क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष ने क्षेत्रीय मुख्यालय पर एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक को सम्बोधित करते हुए उन्होंने कहा कि इंडी गठबंधन के कई नेता, जैसे सुप्रिया सुले, अधीर रंजन चौधरी, उमर अब्दुल्ला आदि भी सार्वजनिक रूप से यह कह चुके हैं कि घुसपैठियों को मतदाता सूची से बाहर रखा जाना चाहिए।

सदन में इन नेताओं ने एस आई आर और ईवीएम को सही ठहराते हुए कहा कि इसी से हम लोग भी जीत कर आए इसको गलत कैसे कह सकते हैं। इसके बावजूद जब अमित शाह ने संसद में इस मुद्दे पर कांग्रेस और राहुल गांधी को सीधे घेरा, तो कांग्रेस के सांसद राहुल गांधी के साथ सदन छोड़कर बाहर चले गए। इससे यह साफ हो गया कि कांग्रेस घुसपैठियों के साथ खड़ी है, जबकि इस मुद्दे पर इंडी गठबंधन के अन्य दलों का रुख कांग्रेस से अलग है।

भाजपा ने तय किया है कि अब इस सच्चाई को जनता तक पहुंचाया जाएगा। पार्टी जिला स्तर से लेकर मंडल स्तर तक एलईडी स्क्रीन के माध्यम से संसद में अमित शाह द्वारा दिए गए भाषण के वीडियो का प्रसारण करेगी, ताकि आम नागरिक स्वयं देख सकें कि किस प्रकार कांग्रेस घुसपैठियों के मुद्दे पर संसद से भाग खड़ी हुई।

क्षेत्रीय मीडिया प्रभारी अनूप अवस्थी ने जानकारी दी कि आगामी 20 दिसम्बर को इस अभियान का प्रदेश स्तर पर शुभारम्भ मुख्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष द्वारा किया जाएगा। इसके पश्चात धुरंधर नेता अमित शाह का यह वीडियो जिले और मंडल स्तर पर चलाया जाएगा और जनता को बताया जाएगा कि कांग्रेस किस तरह से राष्ट्रहित के इस अहम मुद्दे पर घुसपैठियों के पक्ष में खड़ी नजर आई।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप

   

सम्बंधित खबर