अराकान आर्मी ने बांग्लादेश के दो मछुआरों को गोली मारी, तीन को ले गए अपने साथ
- Admin Admin
- May 13, 2025

ढाका, 13 मई (हि.स.)। बांग्लादेश के कॉक्स बाजार के टेकनाफ में सबरंग यूनियन के अंतर्गत शाह पोरिर द्वीप के पास नाफ नदी में म्यांमार के सशस्त्र विद्रोही समूह अराकान आर्मी की गोलीबारी में दो बांग्लादेशी मछुआरों को गोली लगी। इससे दोनों घायल हो गए। घायलों में शाह पोरिर द्वीप के जालिया पारा निवासी 17 वर्षीय हिदायत उल्लाह और 16 वर्षीय मोहम्मद हुसैन हैं। दोनों को कॉक्स बाजार के जनरल अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा अराकान आर्मी तीन मछुआरों को अपने साथ ले गई।
ढाका ट्रिब्यून की खबर के अनुसार, टेकनाफ उपजिला निरबाही अधिकारी (यूएनओ) शेख एहसान उद्दीन ने कहा कि यह वारदात सोमवार दोपहर की है। बांग्लादेश के मछुआरों को नाफ नदी में मछली पकड़ते समय अराकान सेना के विद्रोहियों ने गोली मार दी। घटना की जांच की जा रही है। स्थानीय मछुआरों ने कहा हिदायत के घुटने और हुसैन के बाएं पैर में गोली लगी है।
शाह पोरिर द्वीप के निवासी मोहम्मद रेजाउल ने कहा कि शाह पोरिर द्वीप के तीन मछुआरे नाव से नाफ नदी में मछली पकड़ने गए थे। अचानक, दोपहर के आसपास अराकान सेना के सदस्यों ने उन पर गोलियां चला दीं। दो मछुआरों को गोली लगी। तीसरा सुरक्षित वापस लौट आया।
घायल हिदायत उल्लाह के बड़े भाई अब्दुर रहीम ने कहा कि गोलीबारी के बाद अराकान सेना ने कथित तौर पर टेकनाफ के हनीला यूनियन में लेडा सीमा के पास नाफ नदी से तीन बांग्लादेशी मछुआरों को हिरासत में लिया। उनके नाम सिद्दीक हुसैन (27), रबीउल आलम (27) और महमूद हुसैन (30) हैं। तीनों हनीला यूनियन के पूर्वी लेडा में लामरपारा के निवासी हैं। उन्होंने कहा कि अराकान आर्मी तीनों को अपने साथ ले गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद