धुबड़ी में भारत-बांग्लादेश सीमा की स्थिति का जायजा लेने पहुंचे अशोक सिंघल, अवैध गतिविधियों पर दी कड़ी चेतावनी
- DSS Admin
- Jun 12, 2026
धुबड़ी (असम), 12 जून (हि.स.)। असम सरकार के मंत्री अशोक सिंघल ने शुक्रवार को धुबड़ी जिले के भारत-बांग्लादेश अंतरराष्ट्रीय सीमा क्षेत्रों का दौरा कर वहां की समग्र स्थिति का जायजा लिया। जिले के अभिभावक मंत्री के रूप में उन्होंने सीमावर्ती भोगडांगा गांव पहुंचकर स्थानीय लोगों से बातचीत की और उनकी समस्याओं को सुना।
स्थानीय नागरिकों को संबोधित करते हुए सिंघल ने कहा कि धुबड़ी के सनातनी हिंदुओं को किसी प्रकार का भय रखने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने आश्वासन दिया कि सरकार उनके हितों की रक्षा के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। साथ ही उन्होंने अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि ऐसे कार्यों को 15 दिनों के भीतर बंद कर दें, अन्यथा कानूनी कार्रवाई का सामना करने के लिए तैयार रहें।
मंत्री ने सीमा क्षेत्र के गांवों में रहने वाले लोगों की लंबे समय से चली आ रही समस्याओं के समाधान का भी भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि सीमावर्ती क्षेत्रों की जनता की चिंताओं और मांगों से मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा को अवगत कराया जाएगा, ताकि आवश्यक कदम उठाए जा सकें।
इसके बाद अशोक सिंघल ने सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक कर सीमा प्रबंधन और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने भोगडांगा क्षेत्र के लोगों की समस्याओं के समाधान तथा सीमावर्ती इलाकों में बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।
---------

