अशोकनगर : धर्म परिवर्तन का दबाव बनाकर दुष्कर्म का आरोप, आरोपित गिरफ्तार

अशोकनगर, 06 जून (हि.स.)। मध्य प्रदेश के अशोकनगर जिले के चंदेरी ऐतिहासिक नगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक विवाह समारोह में शामिल होने आई युवती पर जबरन मुस्लिम धर्म अपनाने और निकाह करने का दबाव बनाया गया। जब पीडि़ता ने इसका कड़ा विरोध किया, तो अपनों ने ही साजिश रचकर उसके साथ दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिलवा दिया।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित और कड़ा एक्शन लिया है। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मुख्य आरोपित को रिपोर्ट दर्ज होने के महज 24 घंटे के भीतर शनिवार को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया है।

शादी समारोह के जश्न के बीच रची गई खौफनाक साजिश:

चंदेरी थाना पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने शुक्रवार को थाने पहुंचकर रोते हुए अपनी आपबीती सुनाई और नामजद आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई। बताया कि उसकी एक मौसी सुनीता ने चंदेरी के रहने वाले अतीक मुसलमान से प्रेम विवाह किया है। बीती 14 मई 2026 को पीड़िता अपनी दूसरी मौसी रेखा की बेटी वर्षा के विवाह समारोह में शामिल होने के लिए चंदेरी आई हुई थी। पूरा परिवार शादी की खुशियों में मग्न था, लेकिन इसी दौरान मौसी सुनीता, उसकी बेटी शिवानी और उनके पड़ोस में रहने वाले अल्ताफ खान ने पीडि़ता पर बुरी नीयत रख ली।

निकाह और धर्म परिवर्तन का दबाव, मना करने पर दी मौत की धमकी:

आरोप है कि शादी के माहौल के बीच ही सुनीता, शिवानी और अल्ताफ ने उसे घेर लिया। तीनों ने पीड़िता पर जबरन मुस्लिम धर्म अपनाने और अल्ताफ से निकाह (विवाह) करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब पीड़िता ने इस बात का पुरजोर विरोध किया और अपने परिजनों को बताने की बात कही, तो उसकी सगी मौसी सुनीता और मौसेरी बहन शिवानी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसका मुंह बंद करा दिया।

खौफ का यह सिलसिला यहीं नहीं थमा। 14 मई की रात को जब पूरा परिवार सो रहा था, तब मौसी सुनीता और शिवानी ने एक सोची-समझी साजिश के तहत आरोपित अल्ताफ को पीड़िता के कमरे में भेज दिया। वहां पीड़िता अल्ताफ ने पीड़िता की बेबसी का फायदा उठाते हुए उसके साथ जबरन दुष्कर्म (बलात्कार) किया और किसी को भी बताने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। लोक-लाज और डर के साए में जीने के बाद आखिरकार पीड़िता ने हिम्मत जुटाई और चंदेरी थाने पहुंचकर पुलिस की शरण ली। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए बिना वक्त गंवाए आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज किया गया।

इस गंभीर और संवेदनशील अपराध की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक राजीव मिश्रा ने इसे गंभीरता से लिया। उन्होंने तत्काल चंदेरी थाना प्रभारी के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम का गठन किया और आरोपितों को अविलंब गिरफ्तारी के कड़े निर्देश दिए।

मामले के मुख्य आरोपित अल्ताफ खान (26), पुत्र आफताब खान, निवासी लाल बाबड़ी, चंदेरी की लोकेशन ट्रैक की और उसे अशोकनगर से घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। चंदेरी पुलिस का कहना है कि घटना की मुख्य साजिशकर्ता और नामजद सह-आरोपी सुनीता और उसकी बेटी शिवानी फिलहाल फरार हैं।

   

सम्बंधित खबर