असम सरकार के शपथ ग्रहण समारोहों में शामिल होंगे त्रिपुरा के मुख्यमंत्री
- DSS Admin
- May 08, 2026
अगरतला, 08 मई (हि.स.)। त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा ने शुक्रवार काे कहा कि वह 9 मई को नई बनी सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए पश्चिम बंगाल जाएंगे और 12 मई को असम में होने वाले एक और शपथ ग्रहण समारोह में भी हिस्सा लेंगे।
मीडिया से बात करते हुए त्रिपुरा के मुख्यमंत्री ने कहा कि वह इस समारोह में शामिल होने के लिए शनिवार को बंगाल के लिए रवाना होंगे और इस मौके पर अपनी खुशी का इजहार किया। उन्हाेंने कहा कि पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होऊंगा, जो 9 मई को होगा और 12 मई को असम में होने वाले एक और समारोह में भी हिस्सा लूंगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेतृत्व वाली भाजपा ने कई राज्यों में सरकारें बनाकर पूरे देश में अपनी राजनीतिक पकड़ का विस्तार जारी रखा है। बंगाल में अपने चुनाव प्रचार दौरों का जिक्र करते हुए साहा ने दावा किया कि विधानसभा चुनावों के दौरान भाजपा को जनता का ज़बरदस्त समर्थन मिला था।
उन्होंने आगे कहा कि मैं चुनाव प्रचार के दौरान बंगाल गया था और कई विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया था। कोई भी लोगों की नब्ज समझ सकता है और मुझे जो प्रतिक्रिया मिली, वह बहुत बड़ी थी। जीत बहुत बड़ी थी। लेकिन बदकिस्मती से ममता बनर्जी ने इस्तीफा नहीं दिया। ----------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

