गुवाहाटी, 28 जून (हि.स.)। गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय के पूर्वी गुवाहाटी पुलिस जिला (ईजीपीडी) के अंतर्गत दिसपुर थाना पुलिस ने अपहरण के एक मामले को महज आठ घंटे के भीतर सफलतापूर्वक सुलझाते हुए अपहृत व्यक्ति को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार, सिलचर निवासी 45 वर्षीय एक व्यक्ति का बेलतला वायरलेस क्षेत्र से अपहरण कर लिया गया था। अपहर्ताओं ने उसकी रिहाई के बदले छह लाख रुपये की फिरौती की मांग की थी। सूचना मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अभियान चलाया और डिमा हसाओ पुलिस के सहयोग से पीड़ित को सुरक्षित मुक्त करा लिया।
अभियान के दौरान पुलिस ने श्रीभूमि सदर के अब्दुल गफ्फार (37), साहब उद्दीन (38) तथा बाइहाटा चारिआली निवासी विकास डेका (36) को गिरफ्तार किया। घटना में प्रयुक्त बिना पंजीकरण नंबर प्लेट वाली स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
पुलिस ने बताया कि मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
---------------

