पूसीरे के जीएम ने कामाख्या स्टेशन का निरीक्षण कर अंबुबासी मेले की तैयारियों का लिया जायजा

असमः कामाख्या रेलवे स्टेशन पर अंबुबासी मेले के मद्देनजर पहुंचे श्रद्धालुओं की भीड़

गुवाहाटी, 22 जून (हि.स.)। नीलाचल पहाड़ी पर स्थित विश्वप्रसिद्ध शक्तिपीठ मां कामाख्या धाम में 22 से 25 जून तक आयोजित होने वाले अंबुबासी मेले के मद्देनजर पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक तैयारियां की हैं। इन व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए पूसीरे के महाप्रबंधक चेतन कुमार श्रीवास्तव ने रविवार को कामाख्या रेलवे स्टेशन का सघन निरीक्षण किया और विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा की।

अंबुबासी मेला पूर्वोत्तर भारत के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में से एक है, जिसमें देश के विभिन्न राज्यों से लाखों श्रद्धालु मां कामाख्या के दर्शन के लिए पहुंचते हैं। तीर्थयात्रियों की इसी भारी आमद को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने स्टेशन परिसर और रेल परिचालन से जुड़ी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ किया है।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने स्टेशन पर यात्रियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने भीड़ प्रबंधन, यात्री सहायता केंद्र, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता, चिकित्सा सहायता, हेल्प डेस्क, प्रतीक्षालयों की स्थिति तथा सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। इसके साथ ही उन्होंने स्टेशन परिसर में तैनात अधिकारियों एवं कर्मचारियों से संवाद कर मेला अवधि के दौरान संभावित भीड़ को नियंत्रित करने के लिए तैयार की गई कार्ययोजना की जानकारी ली।

महाप्रबंधक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि मेले के दौरान यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। उन्होंने कहा कि रेलवे कर्मियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहकर कार्य करना होगा तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखनी होगी। उन्होंने यात्रियों की आवाजाही पर निरंतर निगरानी रखने, भीड़ नियंत्रण की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने और जरूरतमंद यात्रियों को तत्काल सहायता उपलब्ध कराने पर विशेष बल दिया।

उन्होंने रेलवे अधिकारियों को सुरक्षा एजेंसियों, राज्य प्रशासन और अन्य संबंधित विभागों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने का निर्देश देते हुए कहा कि तीर्थयात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सभी व्यवस्थाओं का सुचारू संचालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही ट्रेनों के समयबद्ध और निर्बाध परिचालन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा गया।

अंबुबासी मेले के दौरान संभावित अतिरिक्त भीड़ को ध्यान में रखते हुए पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे द्वारा कई विशेष अनारक्षित ट्रेन सेवाएं संचालित की जा रही हैं। ये ट्रेनें कामाख्या को असम तथा उत्तर बंगाल के प्रमुख शहरों और महत्वपूर्ण स्टेशनों से जोड़ेंगी, जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही आसान हो सके। इसके अलावा यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते हुए कई नियमित यात्री ट्रेनों में अस्थायी रूप से अतिरिक्त कोच भी जोड़े गए हैं, ताकि यात्रियों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

महाप्रबंधक ने स्टेशन परिसर में साफ-सफाई बनाए रखने, पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने तथा यात्रियों को बेहतर सूचना सेवाएं प्रदान करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कामाख्या रेलवे स्टेशन पर आने और वहां से प्रस्थान करने वाले श्रद्धालुओं को स्पष्ट दिशा-निर्देश, आवश्यक जानकारी और सहायता सहज रूप से उपलब्ध होनी चाहिए, जिससे उनकी यात्रा अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक बन सके।----------------

   

सम्बंधित खबर