पूसीरे ने लामडिंग रेलवे स्टेशन के आर्किटेक्चरल अग्रभाग को लाइटिंग से जगमग किया
- DSS Admin
- Jun 27, 2026
गुवाहाटी, 27 जून (हि.स.)। यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने और रेल अवसंरचना को आधुनिक बनाने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए, पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) ने लामडिंग रेलवे स्टेशन के आर्किटेक्चरल अग्रभाग को लाइटिंग से जगमग किया है। इससे स्टेशन एक आकर्षक लैंडमार्क बन गया है और रात के समय इसकी दृश्यता एवं वातावरण में परिवर्तन हुआ है।
इस परियोजना में एनर्जी-एफिशिएंट आरजीबी एलईडी फ़साड लाइटिंग फिक्स्चर लगाए गए हैं, जिनमें प्रोग्रामेबल लाइटिंग इफेक्ट्स हैं। ये स्टेशन के सामने के हिस्से, गुंबदों, खंभों और अन्य आर्किटेक्चरल हिस्सों पर एक जैसी रोशनी प्रदान करते हैं। हर मौसम के अनुकूल विश्वसनीय कामकाज सुनिश्चित करने के लिए मौसम-रोधी आउटडोर फिटिंग्स और केबलिंग की सुविधा भी दी गई है।
पूसीरे के सीपीआरओ कपिंजल किशोर शर्मा ने आज बताया कि नया प्रकाश-सज्जा प्रणाली न केवल स्टेशन की सुंदरता को बढ़ाता है, बल्कि दीर्घकालीन एलईडी तकनीक का इस्तेमाल करके टिकाऊ और पर्यावरण के अनुकूल अवसंरचना को भी बढ़ावा देता है। इससे मेंटेनेंस की कम आवश्यकता पड़ती है और अच्छी रोशनी मिलती है। आकर्षक रोशनी से जगमगाने के साथ, लामडिंग जंक्शन पूसीरे के एक खास लैंडमार्क के रूप में उभरा है। यह पूसीरे की विश्व-स्तरीय अवसंरचना प्रदान करने और यात्रियों के अनुभव को बेहतर बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाता है।
रोशनी से जगमगाते लामडिंग जंक्शन को एक अलग पहचान मिली है, जिससे यात्रा का अनुभव बेहतर हुआ है और साथ ही पर्यावरण के अनुकूल एवं यात्री-केंद्रित अवसंरचना को बढ़ावा मिला है। ऐसी पहलों के ज़रिए, पूसीरे इस क्षेत्र में विश्व-स्तरीय रेल सुविधाएं विकसित करने और यात्रियों की सुविधाओं को बेहतर बनाने को प्रतिबद्ध है।
---------------

