असम राइफल्स ने अपने वीर पूर्व सैनिकों के सम्मान में मनाया वेटरन्स डे
- Admin Admin
- Mar 23, 2025

शिलांग, 23 मार्च 2025 (हि.स.)। भारत के सबसे पुराने अर्धसैनिक बलों में से एक असम राइफल्स ने रविवार को वेटरन्स डे मनाया। इस अवसर पर उन वीर सैनिकों और अधिकारियों को श्रद्धांजलि दी गई, जिन्होंने बल की सेवा में अपना जीवन समर्पित किया। यह कार्यक्रम असम राइफल्स मुख्यालय, शिलांग में आयोजित किया गया, जिसमें वरिष्ठ अधिकारी, पूर्व सैनिक और वीर नारियां शामिल हुईं।
इस अवसर पर युद्ध स्मारक पर माल्यार्पण किया गया और वरिष्ठ अधिकारियों ने बल और उसके पूर्व सैनिकों की उपलब्धियों को रेखांकित करते हुए कार्यक्रम को संबोधित किया। असम राइफल्स के देशभर में कुल 97,264 पूर्व सैनिक और 587 वीर नारियां हैं, जो असम राइफल्स एक्स-सर्विसमेन एसोसिएशन (एआरईएसए) के अंतर्गत आते हैं। वर्तमान में देशभर में 35 एआरईएसए केंद्र और नेपाल में 3 पेंशन भुगतान कार्यालय (पीपीओ) संचालित हैं।
शिलांग में असम राइफल्स मुख्यालय के तत्वावधान में एक भव्य पूर्व सैनिक रैली भी आयोजित की गई, जिसमें मेघालय के सभी जिलों से 118 से अधिक पूर्व सैनिक, वीर नारियां, युद्ध वीरता पुरस्कार विजेता और उनके परिवारों ने भाग लिया। रैली में चिकित्सा शिविर, ईसीएचएस हेल्पडेस्क, बैंकिंग सुविधाएं और शिकायत निवारण केंद्र स्थापित किए गए।
सर्विंग दोज हू सर्वड अस थीम के तहत आयोजित इस रैली का उद्देश्य पूर्व सैनिकों से संवाद स्थापित करना, उनके योगदान को मान्यता देना और उनके कल्याण की दिशा में प्रयास करना था। इस अवसर पर असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेड़ा मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
महानिदेशक ने अपने संबोधन में पूर्व सैनिकों और मेघालय के उन जवानों की सराहना की, जिन्होंने पूर्वोत्तर और राष्ट्र की सुरक्षा और समृद्धि सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। इस दौरान वीर नारियों, पूर्व सैनिकों और विधवाओं को सम्मानित किया गया, साथ ही असम राइफल्स एक्स-सर्विसमेन सोल्जर्स एसोसिएशन के विभिन्न केंद्रों के माध्यम से पूर्व सैनिकों के बीच मिठाइयों का वितरण किया गया।
असम राइफल्स का वेटरन्स डे बल की समृद्ध विरासत का प्रतीक है और इससे सेवा कर रहे और सेवानिवृत्त कर्मियों के बीच एकजुटता और गौरव की भावना मजबूत होती है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश