भाजपा सदस्यता अभियान में असम देश में अव्वल : मुख्यमंत्री

गुवाहाटी, 30 सितंबर (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने कहा है कि असम प्रदेश भाजपा सदस्यता अभियान में देश भर में पहले स्थान पर है। भाजपा के सदस्यों की संख्या 53 लाख की सीमा को पार कर चुकी है। उन्होंने कहा कि असम को दिए गए लक्ष्य के अनुरूप 85 फीसदी सदस्य बनाए जा चुके हैं। मुख्यमंत्री आज प्रदेश भाजपा मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ प्रदेश भाजपा अध्यक्ष भबेश कलिता भी मौजूद थे।

मुख्यमंत्री ने कहा कि असम के 126 विधानसभा क्षेत्र में से 70 क्षेत्रों में 40 हजार से अधिक सदस्य बनाए जा चुके हैं। उन्होंने कहा की सदस्यता अभियान में डिब्रूगढ़ विधानसभा क्षेत्र सबसे आगे है, जबकि मरियानी में सदस्यों की संख्या अबतक सबसे कम है। उन्होंने कहा कि लक्ष्य को प्राप्त करने के साथ ही उससे और अधिक सदस्य बनाने की कोशिशें की जा रही हैं।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बार पूरी तरह डिजिटल तरीके से सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है। एक मोबाइल नंबर के एवज में एक ही सदस्य बनाए जा सकते हैं। ओटीपी के द्वारा ही सदस्यता फॉर्म भरा जाता है। हालांकि, उन्होंने कहा कि यदि पुराने तरीके से सदस्यता अभियान चलाया गया होता तो अबतक सदस्यों की संख्या और अधिक हो सकती थी। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में सभी के पास मोबाइल फोन नहीं होने के कारण परेशानी हो रही है।

एक प्रश्न के उत्तर में मुख्यमंत्री ने कहा कि 53 लाख लोगों को मूर्ख नहीं बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस इसको लेकर चाहे जितनी ही आलोचना करे, लेकिन भाजपा अपने अभियान में जुटी रहेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को भाजपा की आलोचना करने की जगह कांग्रेस का अभियान बेहतर तरीके से चलना चाहिए। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पत्रकारों के अन्य कोई प्रश्नों के भी उत्तर दिए।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

   

सम्बंधित खबर