अटल इनोवेशन मिशन ने जम्मू-कश्मीर में 500 नए एटीएल के लिए आवेदन आमंत्रित किए
- DSS Admin
- May 20, 2026
नई दिल्ली, 20 मई (हि.स.)। अटल इनोवेशन मिशन (एआईएम) ने फ्रंटियर रीजन प्रोग्राम के तहत जम्मू-कश्मीर में 500 नए एटीएल (आधिकारिक विकास केंद्र) के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इसमें पूरे जम्मू एवं कश्मीर में गैर-एटीएल स्कूलों को सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए आमंत्रित किया गया है।
नीति आयोग ने बुधवार को जारी बयान में बताया कि अटल इनोवेशन मिशन ने जम्मू एवं कश्मीर सरकार के स्कूल शिक्षा विभाग और कश्मीर विश्वविद्यालय के सहयोग से भारत के सीमावर्ती क्षेत्रों में मजबूत नवाचार इको-सिस्टम निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्र शासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर में 500 नई अटल टिंकरिंग लैब (एटीएल) की स्थापना के लिए आज आवेदन प्रक्रिया शुरू की है।
इस अवसर पर नीति आयोग के अटल नवाचार मिशन के मिशन निदेशक दीपक बागला ने कहा, जब हम जम्मू-कश्मीर में 500 अटल नवाचार प्रयोगशालाओं के लिए आवेदन आमंत्रित कर रहे हैं तो हम न केवल इन प्रयोगशालाओं की स्थापना कर रहे हैं, बल्कि समस्या-समाधानकर्ताओं, रचनाकारों और राष्ट्र निर्माताओं की नई पीढ़ी का पोषण भी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ये प्रयोगशालाएं दूरस्थ और सीमावर्ती क्षेत्र सहित केंद्र शासित प्रदेश के हर कोने के छात्रों को सशक्त बनाएंगी ताकि वे बड़े सपने देख सकें, निडर होकर प्रयोग कर सकें और वास्तविक दुनिया की चुनौतियों के समाधान विकसित कर सकें।
आयोग ने कहा कि ये 500 नए एटीएल (आधिकारिक विकास केंद्र) एआईएम के व्यापक फ्रंटियर रीजन प्रोग्राम का प्रमुख घटक हैं, जिसका उद्देश्य गहन संस्थागत समन्वय और स्थानीय कार्यान्वयन मॉडल के माध्यम से भौगोलिक रूप से चुनौतीपूर्ण क्षेत्रों में अनुकूलित और समावेशी नवाचार इकोसिस्टम का निर्माण करना है। इसका लक्ष्य स्कूलों, विश्वविद्यालयों, उद्योग और नवाचार संस्थानों के बीच संबंधों को सुदृढ़ करने के जरिए जम्मू-कश्मीर से युवा नवोन्मेषकों और परिवर्तन लाने वालों की एक नई पीढ़ी को पोषित करने के साथ-साथ जिलों में नवाचार के अवसरों तक समान पहुंच सुनिश्चित करना है।
नीति आयोग ने कहा कि इस समारोह का समापन ऑनलाइन लॉन्च के दौरान उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों द्वारा जम्मू-कश्मीर में 500 एटीएल स्कूलों के लिए आवेदन पुस्तिका के औपचारिक विमोचन के साथ हुआ। उपरोक्त श्रेणियों में आने वाले सभी गैर-एटीएल स्कूल यहां आवेदन कर सकते हैं: https://aimapp2.aim.gov.in/atl_application_frp/
---------------

