चलती ट्रेन में युवक का मोबाइल लूटने की कोशिश नाकाम, पीछा कर महिला-पुरुष को दबोचा

अजमेर, 28 जून (हि.स.)। चलती ट्रेन में एक युवक का मोबाइल लूटने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बदमाशों ने चलती ट्रेन के गेट पर खड़े युवक पर पानी की बोतल फेंककर उसका मोबाइल नीचे गिरा दिया और लेकर भागने लगे। युवक ने चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और चलती ट्रेन से छलांग लगाकर आरोपियों का पीछा किया। स्थानीय लोगों की मदद से एक महिला और एक पुरुष को पकड़ लिया गया।

घटना रविवार दोपहर अलवर गेट क्षेत्र में हुई। दौसा निवासी दीपक ने बताया कि वह अजमेर-सरायरोहिल्ला ट्रेन से जयपुर जा रहा था। ट्रेन के गेट पर खड़े होकर मोबाइल में लाइव लोकेशन देख रहा था। इसी दौरान ट्रैक के पास खड़े बदमाशों ने उस पर पानी की बोतल फेंकी, जिससे मोबाइल उसके हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। बदमाश मोबाइल उठाकर भाग निकले।

पीड़ित ने तुरंत चेन पुलिंग कर ट्रेन रुकवाई और चलती ट्रेन से छलांग लगाकर बदमाशों का पीछा किया। इस दौरान वह घायल भी हो गया, लेकिन पीछा नहीं छोड़ा।

बदमाश झाड़ियों में छिप गए और मोबाइल एक महिला तथा एक पुरुष को सौंप दिया। युवक ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों को राजा सर्कल स्थित जीसीए-1 ब्रिज के पास पकड़ लिया।

आरोपियों की तलाशी लेने पर उनके बैग से पीड़ित का मोबाइल सहित तीन अन्य मोबाइल फोन और एक कीमती घड़ी बरामद हुई। घटना से गुस्साए लोगों ने दोनों आरोपियों की जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलने पर अलवर गेट थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन घटना रेलवे क्षेत्र की होने के कारण दोनों आरोपियों और बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए जीआरपी के हवाले कर दिया गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

---------------

   

सम्बंधित खबर