ऑस्ट्रेलिया ने रिकॉर्ड सातवीं बार जीता महिला टी20 विश्व कप का खिताब, फाइनल में इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया
- DSS Admin
- Jul 06, 2026


लंदन, 05 जुलाई (हि.स.)। ऑस्ट्रेलिया ने महिला टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में इंग्लैंड को सात विकेट से हराकर रिकॉर्ड सातवीं बार विश्व चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड पर खेले गए खिताबी मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने 151 रन का लक्ष्य 18वें ओवर में ही तीन विकेट खोकर हासिल कर लिया।
यह ऑस्ट्रेलिया का सातवां महिला टी20 विश्व कप खिताब है। अब तक कोई अन्य टीम एक से अधिक बार यह ट्रॉफी नहीं जीत सकी है। वहीं, इंग्लैंड को चौथी बार महिला टी20 विश्व कप फाइनल में हार का सामना करना पड़ा और हर बार उसे ऑस्ट्रेलिया ने ही मात दी।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने 32 रन तक अपने दोनों सलामी बल्लेबाजों एमी जोन्स (6) और डैनी व्याट (8) के विकेट गंवा दिए। इसके बाद कप्तान नैट सीवर-ब्रंट और एलिस कैप्सी ने तीसरे विकेट के लिए 35 रन जोड़कर पारी को संभालने का प्रयास किया। कैप्सी 23 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि हीदर नाइट केवल दो रन ही बना सकीं।
70 रन पर चार विकेट गंवाने के बाद कप्तान नैट सीवर-ब्रंट और फ्रेया केम्प ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए पांचवें विकेट के लिए नाबाद 80 रन की साझेदारी की। सीवर-ब्रंट ने 53 गेंदों में 58 रन और फ्रेया केम्प ने 28 गेंदों में 44 रन की नाबाद पारी खेलकर इंग्लैंड का स्कोर 20 ओवर में चार विकेट पर 150 रन तक पहुंचाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से किम गार्थ, लूसी हैमिल्टन, कप्तान सोफी मोलिनक्स और एनाबेल सदरलैंड ने एक-एक विकेट लिया।
151 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे ही ओवर में जॉर्जिया वोल का विकेट गंवा दिया, लेकिन इसके बाद बेथ मूनी और फोएबी लिचफील्ड ने दूसरे विकेट के लिए 100 रन की शानदार साझेदारी कर मैच पूरी तरह ऑस्ट्रेलिया के पक्ष में कर दिया। लिचफील्ड ने 35 गेंदों पर 48 रन बनाए, जबकि बेथ मूनी ने 49 गेंदों में 64 रन की शानदार पारी खेली।
मूनी महिला टी20 विश्व कप के फाइनल में दो अर्धशतक लगाने वाली पहली बल्लेबाज बन गई हैं। आखिर में एलिस पेरी (13*) और एश्ले गार्डनर (3*) ने टीम को जीत दिलाते हुए ऑस्ट्रेलिया को रिकॉर्ड सातवीं बार विश्व चैंपियन बना दिया।
-----------------------

