भाजपा ने अखिल गोगोई पर साधा निशाना, भ्रामक बयान देने, कांग्रेस की राजनीति करने का आरोप
- Admin Admin
- Jan 03, 2026
गुवाहाटी, 03 जनवरी (हि.स.)। असम प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने शनिवार को शिवसागर के विधायक अखिल गोगोई पर तीखा हमला करते हुए उन पर राज्य की आर्थिक स्थिति को लेकर जनता को गुमराह करने और कांग्रेस नेता गौरव गोगोई के “राजनीतिक हथियार” के रूप में काम करने का आरोप लगाया।
भाजपा के राज्य मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए पार्टी के राज्य प्रवक्ताओं डॉ. देवजीत महंत, कल्याण गोगोई, मानस शरनिया और प्रांजल कलिता ने कहा कि अखिल गोगोई जानबूझकर तथ्यों को तोड़-मरोड़ कर पेश कर रहे हैं, ताकि जनता में भ्रम फैलाया जा सके। उन्होंने कहा कि इसी कारण पार्टी ने संवाददाता सम्मेलन में प्रमाणिक आंकड़ों के साथ सच्चाई सामने रखी है।
डॉ. देवजीत महंत ने मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि उनके कार्यकाल में असम की अर्थव्यवस्था ने तेज़ी से प्रगति की है। उन्होंने अखिल गोगोई के उस दावे को खारिज किया, जिसमें कहा गया था कि असम आर्थिक रूप से देश में 29वें स्थान पर है। डॉ. महंत के अनुसार, भारतीय रिज़र्व बैंक की मौद्रिक नीति समिति के आंकड़े दर्शाते हैं कि वर्ष 2020 से 2025 के बीच असम ने लगभग 45 प्रतिशत की आर्थिक वृद्धि दर्ज की, जो इस अवधि में देश में सर्वाधिक है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नीति आयोग राज्यों को सीधे क्रम संख्या में रैंक नहीं करता, बल्कि उन्हें चार श्रेणियों—एस्पिरेंट, परफॉर्मर, फ्रंट रनर और फुली अचीव्ड—में वर्गीकृत करता है। भाजपा सरकार के गठन के बाद असम वर्ष 2019–20 में एस्पिरेंट से 2020–21 में परफॉर्मर और 2023–24 में फ्रंट रनर श्रेणी में पहुंच चुका है। नवीनतम् नीति आयोग आंकड़ों के अनुसार असम देश में 13वें स्थान पर है।
डॉ. महंत ने यह भी बताया कि आरबीआई के वित्तीय मानकों के अनुसार किसी राज्य पर जीएसडीपी का 32 प्रतिशत से अधिक कर्ज नहीं होना चाहिए, जबकि असम का वर्तमान कर्ज 24.3 प्रतिशत है, जो इसे कम कर्ज वाले राज्यों में शामिल करता है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2015–16 में असम की प्रतिदिन प्रति व्यक्ति आय 169 रुपये थी, जो बढ़कर 2024–25 में 428 रुपये हो गई है।
डॉ. महंत ने आरोप लगाया कि असम की प्रगति को पचा न पाने के कारण अखिल गोगोई और अन्य विपक्षी दल भ्रामक बयानबाज़ी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अखिल गोगोई ने कांग्रेस को खुश करने के लिए खुद को गौरव गोगोई का राजनीतिक अधीनस्थ बना लिया है।
वरिष्ठ भाजपा प्रवक्ता कल्याण गोगोई ने कहा कि पिछले पांच वर्षों में अखिल गोगोई शिवसागर के सबसे निष्क्रिय विधायकों में से एक साबित हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि इस अवधि में शिवसागर विकास का मॉडल बनने के बजाय आंदोलनों का केंद्र बन गया। उन्होंने अखिल गोगोई को चुनौती दी कि वे अपने स्तर पर शुरू की गई किसी एक बड़ी विकास परियोजना का नाम बताएं। उन्होंने कहा कि रंगघर के जीर्णोद्धार और शिवसागर सर्किट हाउस जैसे कार्य भाजपा सरकार द्वारा अखिल गोगोई के विधायक बनने से पहले ही शुरू किए गए थे।
कल्याण गोगोई ने यह भी कहा कि कृषि सुधार और सहकारी आधारित आत्मनिर्भरता को लेकर किए गए वादे आज तक पूरे नहीं हुए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि काज़ीरंगा नेशनल ऑर्किड गार्डन को सहकारी संस्था बताकर प्रचार किया जाता है, जबकि उसके प्रबंधन में किसानों के बजाय अखिल गोगोई के रिश्तेदार और करीबी लोग शामिल हैं।
उन्होंने यह भी दावा किया कि 2021 में जेल से चुनाव जीतने के बाद अखिल गोगोई को शिवसागर में नगर निकाय और पंचायत चुनावों में लगातार राजनीतिक झटके लगे हैं, जो जनता की बदलती राय को दर्शाता है। संवाददाता सम्मेलन के अंत में भाजपा नेताओं ने अखिल गोगोई से अपील की कि वे शिवसागर को लगातार अशांति और आंदोलनों का केंद्र बनाने के बजाय शांति, स्थिरता और विकास पर ध्यान दें।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश



