प्रदेश में व्यापक बदहाली और कुशासन का राज : डॉ. निर्मल खत्री
- Admin Admin
- Mar 27, 2025
अयोध्या, 27 मार्च (हि.स.)। पूर्व सांसद डॉ. निर्मल खत्री ने गुरुवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के आठ वर्षों में प्रदेश में व्यापक बदहाली और कुशासन का राज है। सरकार खुद को अपनी पीठ थपथपाकर आत्ममुग्ध हो रही है, जबकि सच्चाई यह है कि प्रदेश में अराजकता, भ्रष्टाचार और जंगलराज का माहौल व्याप्त है। उन्होंने सरकार से आठ महत्वपूर्ण सवाल पूछे, जिनके जवाब प्रदेश की जनता जानना चाहती है। उन्होंने सवाल उठाया कि पिछले आठ वर्षों में सरकारी परीक्षाओं के पर्चे लीक हो गए हैं, कई परीक्षाओं के परिणाम अब तक घोषित नहीं किए गए हैं, और नई शिक्षक भर्ती नहीं हो पा रही है। इसके अलावा, राज्य में निजी क्षेत्र में निवेश नहीं होने के कारण युवाओं के लिए नौकरी के अवसर घट गए हैं।पूर्व सांसद ने कहा कि मनरेगा मजदूरों की मजदूरी बकाया है, किसानों की आय दोगुनी करने का वादा पूरा नहीं हुआ, और डीएपी की कालाबाजारी ने किसानों को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि गन्ने के समर्थन मूल्य में केवल तीन बार मामूली वृद्धि हुई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ड्रीम प्रोजेक्ट इन्वेस्ट यूपी के प्रमुख को कमीशनखोरी में पकड़ा गया है और प्रदेश के हर विभाग में भ्रष्टाचार व्याप्त है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने कई स्थानों पर सांप्रदायिक तनाव पैदा करने की कोशिश की है और प्रशासन की भूमिका संदिग्ध रही है। कांग्रेस नेता ने कहा कि योगी सरकार के अपराधों को रोकने के दावे बेबुनियाद हैं, और महिलाओं, दलितों और अन्य कमजोर वर्गों के खिलाफ अपराध बढ़े हैं। उन्होंने कहा कि सरकारी नौकरियों में आरक्षण के नियमों का पालन नहीं किया जा रहा है और सरकार ठेके पर आधारित व्यवस्था को बढ़ावा दे रही है।डॉ. खत्री ने कहा कि आयुष्मान योजना में बड़े पैमाने पर धोखाधड़ी हुई है और प्रदेश के अस्पतालों में दवाएं और बुनियादी सुविधाएं नहीं हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / पवन पाण्डेय



