आजमगढ़ में जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव ने शारदा सहायक खंड के नवनिर्मित भवनों का किया लोकार्पण
- Admin Admin
- May 07, 2025

लखनऊ, 07 मई(हि.स.)। जलशक्ति मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने बुधवार को आजमगढ़ में शारदा सहायक खंड 23 एवं खंड 32 के नवनिर्मित भवनों का लोकार्पण किया। खंड 23 का भवन चार करोड़ 34 लाख की लागत से तैयार किया गया है। वहीं खंड 32 का भवन चार करोड़ 11 लाख की लागत से निर्मित हुआ है। इन भवनों के निर्माण से विभागीय कार्यों के संचालन में अधिक सुविधा व गति मिलेगी।
जलशक्ति मंत्री ने विभागीय अधिकारियों के साथ निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा बैठक भी की। बैठक में स्वतंत्रदेव सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार की प्राथमिकता है कि हर नागरिक को समय पर और स्थायी जल की सुविधा मिलें। बरसात से पहले सभी तटबंधों, नहरों, जलाशयों और ड्रेनेज की स्थिति दुरुस्त कर ली जाए। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने जोर देकर कहा कि जो भी परियोजनाएं स्वीकृत हैं, उन्हें समयबद्धता के साथ पूर्ण किया जाए और पारदर्शिता बनाए रखी जाए। उन्होंने फील्ड अधिकारियों से कहा कि वे केवल दफ्तर में बैठकर नहीं, बल्कि ज़मीन पर उतर कर कार्यों की वास्तविक स्थिति का मूल्यांकन करें, ताकि जनता को वास्तविक लाभ मिल सके।
सरयू नदी से बाढ़ सुरक्षा के लिए विशेष प्रयास
आजमगढ़ में सरयू नदी से बाढ़ सुरक्षा के लिए जलशक्ति विभाग द्वारा विशेष प्रयास किए गए हैं। जलशक्ति मंत्री से अधिकारियों ने बताया कि 75.800 किलोमीटर तक फैले आठ तटबंध के निर्माण कराया गया है। इन तटबंधों से 42732 हेक्टेयर कृषि भूमि और 66687 जनसंख्या की सुरक्षा सुनिश्चित की गई है। यह कार्य बाढ़ से होने वाले नुकसान को रोकने और ग्रामीण क्षेत्रों की आर्थिक सुरक्षा को बनाए रखने की दिशा में अत्यंत महत्वपूर्ण कदम है।
आजमगढ़ में 597 तालाबों को भरवाया गया
जल संचयन और वर्षा जल संग्रहण के क्षेत्र में आजमगढ़ में महत्वपूर्ण प्रगति हुईं है और जनपद में कुल 795 तालाब चिन्हित किये गये हैं। जिनमें से 597 तालाबों को आज तक में भरवाया गया है। यह कार्य जल संरक्षण की दिशा में एक सशक्त पहल है। जिससे भूगर्भ जल स्तर के संतुलन में सुधार होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में सिंचाई की सुविधा भी सुलभ होगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श.चन्द्र