साेशल मीडिया पर विज्ञापन जारी कर साइबर ठगी करने वाले सात गिरफ्तार
- DSS Admin
- May 26, 2026
बागपत, 26 मई (हि.स.)। बागपत में साइबर क्राइम थाना बागपत और साइबर सेल की संयुक्त कार्रवाई में फर्जी लोन दिलाने और नौकरी के नाम पर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय साइबर गिरोह का पर्दाफाश किया गया है। पुलिस ने इस मामले में एक महिला सहित 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। यह लोग फेसबुक और इंस्टाग्राम पर विज्ञापन जारी करते थे जिसके बाद ठगी की जाती थी। आरोपियों के कब्जे से मोबाइल फोन, नकदी, वाहन, लैपटॉप और फर्जी दस्तावेज बरामद किए गए हैं।
बागपत पुलिस लाइन सभागार में प्रेस वार्ता करते हुए बागपत एएसपी प्रवीण सिंह चौहान ने बताया गृह मंत्रालय भारत सरकार के प्रतिबिंब पोर्टल पर मोबाइल नंबर 8791154179 के संबंध में शिकायत संख्या 32101260003815 दर्ज मिली थी। तकनीकी जांच के दौरान इसी नेटवर्क से जुड़े 8 अन्य संदिग्ध मोबाइल नंबर भी सामने आए। इन नंबरों के खिलाफ बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश समेत विभिन्न राज्यों से कुल 16 शिकायतें प्राप्त हुई थीं।
पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि आरोपित पुरानी रजिस्टर्ड फाइनेंस कंपनियों के नाम का दुरुपयोग कर फेसबुक और इंस्टाग्राम पर फर्जी विज्ञापन चलाते थे। विज्ञापन में दिए गए “कॉल नाउ” विकल्प पर संपर्क करने वाले जरूरतमंद लोगों को आसान लोन का झांसा दिया जाता था। इसके बाद आरोपियों द्वारा प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 4200 रुपये ऑनलाइन वसूले जाते थे। इतना ही नहीं, अन्य औपचारिकताओं के नाम पर पीड़ितों से 15 हजार से 30 हजार रुपये तक अतिरिक्त रकम भी ठगी जाती थी।
एएसपी ने बताया कि आरोपित कुछ लोगों को अपनी कथित कंपनी में एजेंट बनाने का लालच देकर उनसे भी 4200 रुपये वसूलते थे और बाद में व्हाट्सएप पर फर्जी नियुक्ति पत्र भेज देते थे। इस मामले में थाना साइबर क्राइम बागपत में मुकदमा अपराध संख्या 28/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं तथा आईटी एक्ट की धारा 66D में मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस ने आरोपियों को मंगलवार दिल्ली-सहारनपुर मार्ग स्थित ईस्टर्न पेरिफेरल ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में मेरठ, मुजफ्फरनगर, गुरुग्राम और गाजियाबाद के निवासी शामिल हैं। जिनके नाम नदीम – मेरठ, एक महिला, अतीक – मेरठ, शाहरुख – मुजफ्फरनगर, शौकीन – मेरठ, मतीन – गुरुग्राम, हरियाणा, अभिषेक – गाजियाबाद के रहने वाले है। अभियुक्तों के कब्जे से 15 मोबाइल फोन, 45,250 रुपये नकद, दो कारें, एक प्रिंटर, एक लैमिनेशन मशीन, एक लैपटॉप और दो फर्जी आधार कार्ड बरामद किए गए हैं। साइबर अपराध पर प्रभावी कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक बागपत ने कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित किया है।
---------------

