बागपत में व्यापारी पिता—पुत्र की हत्या के विरोध में बाजार बंद, एनकाउंटर की मांग
- DSS Admin
- Jun 10, 2026

पुलिस की मौजूदगी में व्यापारी सोहनलाल और बेटे विकास का हुआ अंतिम संस्कार
बागपत, 10 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बागपत के बड़ौत में हुए चर्चित दोहरे हत्याकांड के शिकार व्यापारी सोहनलाल और उनके पुत्र विकास का बुधवार को कड़ी सुरक्षा के बीच अंतिम संस्कार कर दिया गया। पोस्टमार्टम के बाद जैसे ही दोनों के शव उनके आवास पहुंचे, पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई और अंतिम दर्शन के लिए लोगों का हुजूम उमड़ पड़ा। उधर इस हत्याकांड के विराेध में बड़ाैत बाजार पूरी तरह से बंद है। व्यापारी संगठन हत्याराें के एनकाउंटर की मांग कर रहे हैं।
मंगलवार शाम दिल्ली रोड स्थित दुकान पर बैठे पिता-पुत्र की हिस्ट्रीशीटर वरुण लुहारी और उसके साथियों द्वारा ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया था। घटना के बाद भाग रहे मुख्य आरोपी वरुण लुहारी की भी भीड़ द्वारा पिटाई के बाद मौत हो गई थी।
हत्या के विरोध में लोगों ने दिल्ली-सहारनपुर हाईवे पर जाम लगाकर प्रदर्शन किया था। हालात को देखते हुए एडीजी, डीआईजी और मंडलायुक्त समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और परिजनों को न्याय का भरोसा दिया।
बुधवार को भारी पुलिस सुरक्षा के बीच बड़ौली रोड स्थित श्मशान घाट में पिता-पुत्र का अंतिम संस्कार किया गया। अंतिम यात्रा में व्यापारियों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और क्षेत्रवासियों की बड़ी संख्या मौजूद रही। वहीं पुलिस फरार आरोपिताें की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।
--------------

