राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री तक पहुंचेगा भागलपुर का जर्दालू आम, तैयारी शुरू
- DSS Admin
- May 20, 2026
भागलपुर, 20 मई (हि.स.)। बिहार की शान और भागलपुर की पहचान बन चुका जर्दालू आम एक बार फिर देश के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री समेत कई विशिष्ट लोगों तक पहुंचने जा रहा है। इसको लेकर तैयारी तेज कर दी गई है।
भागलपुर जिले के सुल्तानगंज प्रखंड अंतर्गत महेशी गांव के बगीचों में खास तरीके से जर्दालू आम तैयार किया जा रहा है। बताया जा रहा है कि इस बार भी आम की गुणवत्ता और स्वाद को लेकर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। सबसे खास बात यह है कि आम को तैयार करने में किसी भी प्रकार की रासायनिक दवा का उपयोग नहीं किया जा रहा है। पूरी तरह प्राकृतिक तरीके से तैयार किए जा रहे इन आमों की देखरेख प्रसिद्ध मैंगो मैन अशोक चौधरी खुद कर रहे हैं।
महेशी गांव स्थित उनके बगीचे में आम की हर खेप पर बारीकी से नजर रखी जा रही है, ताकि राष्ट्रपति भवन और प्रधानमंत्री कार्यालय तक पहुंचने वाले जर्दालू आम की गुणवत्ता बरकरार रहे। उल्लेखनीय है कि पिछले लगातार 20 वर्षों से भागलपुर का जर्दालू आम देश के राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री को भेजा जाता रहा है। अपने अनोखे स्वाद, खुशबू और गुणवत्ता के कारण इस आम को राष्ट्रीय ही नहीं बल्कि अंतरराष्ट्रीय पहचान भी मिल चुकी है।
भागलपुर के इस खास जर्दालू आम को जीआई टैग भी प्राप्त है, जो इसकी विशिष्टता और क्षेत्रीय पहचान को दर्शाता है। अब एक बार फिर भागलपुर का यह खास आम देशभर में चर्चा का विषय बना हुआ है।
---------------

