बीएचयू की डॉ. पूर्वी सैकिया विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर सम्मान के लिए चयनित

वाराणसी, 07 अगस्त (हि.स.)। काशी हिन्दू विश्वविद्यालय विज्ञान संस्थान के वनस्पति विज्ञान विभाग में एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पूर्वी सैकिया को बड़ा सम्मान मिला है। डॉ. सैकिया को वर्ष 2024 के लिए प्रतिष्ठित ‘‘विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर सम्मान’’ के लिए चयनित किया गया है। डॉ. सैकिया को पर्यावरण विज्ञान के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। उनके अनुसंधान विशेषज्ञता के क्षेत्र हैं- प्लांट इकोलॉजी, जैव विविधता संरक्षण तथा सोएल इकोलॉजी। विज्ञान संस्थान के निदेशक प्रो. संजय कुमार, विज्ञान संकाय के प्रमुख प्रो. एसएम सिंह तथा विश्वविद्यालय के विज्ञान समुदाय के सदस्यों ने इस महत्वपूर्ण उपलब्धि के लिए डॉ सैकिया को शुभकामनाएं दी हैं।

विश्वविद्यालय के जनसम्पर्क अधिकारी ने बताया कि डॉ. सैकिया ने बतौर एसोसिएट प्रोफेसर, काशी हिन्दू विश्वविद्यालय में सेवा आरम्भ की है। इसके पहले वे सेन्ट्रल यूनिवर्सिटी ऑफ झारखण्ड, रॉची में, कार्यरत थीं। ‘‘विज्ञान युवा-शांति स्वरूप भटनागर सम्मान’’, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के किसी भी क्षेत्र में अनुकरणीय योगदान के लिए युवा वैज्ञानिकों को प्रोत्साहन एवं पहचान के लिए प्रदान किया जाता है। वर्ष 2024 के पुरस्कारों की घोषणा भारत सरकार के प्रधान वैज्ञानिक सलाहकार कार्यालय ने की है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीधर त्रिपाठी / Siyaram Pandey

   

सम्बंधित खबर