कालका-शिमला हाइवे पर दो बाइक चालकों के स्टंट वीडियो वायरल, एफआईआर

शिमला, 19 मई (हि.स.)। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक वीडियो के आधार पर शिमला पुलिस ने तेज रफ्तारी और खतरनाक तरीके से बाइक चलाने के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक वीडियो में दो बाइक चालक राष्ट्रीय राजमार्ग-05 पर लापरवाही से वाहन चलाते और स्टंट करते दिखाई दे रहे थे, जिससे सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान भी खतरे में पड़ सकती थी।

पुलिस के अनुसार मंगलवार को एक वायरल वीडियो उनके संज्ञान में आया। यह वीडियो फेसबुक पर “पाल बाबा” नाम की आईडी से अपलोड की गई थी। वीडियो में दो मोटरसाइकिल चालक 103 टनल से टूटीकंडी बाईफरकेशन की ओर जाते हुए तेज रफ्तार में बाइक चलाते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने बताया कि वीडियो में एक बाइक बिना नंबर प्लेट के नजर आ रही है।

पुलिस के मुताबिक वीडियो बनाने वाला बाइक चालक भी खुद लापरवाही से वाहन चलाते हुए दूसरे चालक को खतरनाक तरीके से ओवरटेक करने और स्टंट करने के लिए उकसाता दिखाई दिया।

दोनों चालकों ने सार्वजनिक सड़क पर जोखिम भरे तरीके से बाइक चलाकर अपनी और अन्य लोगों की सुरक्षा को खतरे में डाला।

मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस थाना बालूगंज में भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125 के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

एसएसपी शिमला गौरव सिंह ने कहा है कि सार्वजनिक सड़कों पर स्टंट, तेज रफ्तारी और लापरवाही से वाहन चलाने वालों पर लगातार नजर रखी जा रही है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने लोगों से यातायात नियमों का पालन करने और सड़क सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करने की अपील भी की है।

---------------

   

सम्बंधित खबर